श्याम बाबा की भक्ति में डूबा आगरा: कहीं फलों की होली तो कहीं मेहंदी का रंग, फाल्गुन महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब

Religion/ Spirituality/ Culture

आगरा: फाल्गुन के पावन महीने में आगरा ‘मिनी खाटू’ के रूप में तब्दील हो गया है। शहर के प्रमुख श्याम मंदिरों में फाल्गुन महोत्सव की धूम मची है। कहीं फलों की होली से श्रद्धा का रस बरस रहा है, तो कहीं मेहंदी और संकीर्तन से भक्त झूम रहे हैं। जीवनी मंडी से लेकर कटरा जोगीदास तक, हर ओर ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयघोष गूंज रहे हैं।

जीवनी मंडी: प्रकृति के वैभव से सजा अलौकिक श्रृंगार

श्री खाटू श्याम जी मंदिर, जीवनी मंडी में महोत्सव के तीसरे दिन फलों की होली खेली गई। बाबा का श्रृंगार हरे-काले अंगूर, सुर्ख लाल चैरी और रसीली रसभरी से किया गया।

भजन संध्या के बीच भक्तों पर फलों की बौछार की गई, जिसे पाकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि कल (गुरुवार) यहाँ टॉफी-चॉकलेट की होली का विशेष आयोजन होगा।

​कटरा जोगीदास: फलों का बंगला और भक्तों का रेला

​कटरा जोगीदास स्थित श्री दाऊजी महाराज खाटू श्याम मंदिर में भी उत्सव का अनूठा रंग दिखा। अध्यक्ष राजू गोयल और संयोजक अनूप अग्रवाल के नेतृत्व में बाबा को संतरा, सेब और अंगूरों से सजे भव्य बंगले में विराजमान किया गया। महंत पिंटू मिश्रा द्वारा किए गए अलौकिक श्रृंगार के दर्शन के लिए देर रात तक कतारें लगी रहीं। यहाँ भी गुरुवार को चॉकलेट की होली आकर्षण का केंद्र रहेगी।

मेहंदी उत्सव और आगामी निशान यात्रा

आगरा नरेश श्याम भक्त सेवा समिति द्वारा अष्ठम फागोत्सव का शुभारंभ मेहंदी उत्सव के साथ किया गया। महिलाओं ने हाथों में श्याम नाम की मेहंदी रचाई और भजनों पर जमकर नृत्य किया। समिति के अध्यक्ष अमन गर्ग ने बताया कि 27 फरवरी को श्री मनकामेश्वर मंदिर से भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गुजरेगी।