आगरा: गाइड एसोसिएशन ने विश्व पर्यटन दिवस पर किया विचार गोष्ठी का आयोजन, लपकागिरी की समस्या पर हुआ मंथन

Press Release

आगरा: पर्यटन दिवस पूरे विश्व में मनाया जा रहा है। आगरा में भी अप्रूव्ड गाइड एसोसिएशन की ओर से विश्व पर्यटन दिवस मनाया गया। इस अवसर पर एक विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों के साथ साथ ताजमहल की सुरक्षा से जुड़े सीआईएसएफ के अधिकारियों और एप्रूव्ड गाइड एसोसिएशन से जुड़े गाइड ने भाग लिया।

इस वर्ष की यह है थीम

इस वर्ष विश्व पर्यटन दिवस की थीम है Rethinking Tourism है। महामारी के बाद आए बदलावों ने पर्यटन को सबसे अधिक प्रभावित किया था। ऐसे में इस वर्ष उन चीजों पर अधिक ध्‍यान दिया जाएगा जिनसे टूरिज्‍म में नए बदलावों को जल्‍द से जल्‍द आसान बनाकर इस उद्योग को फिर गति दी जा सके।

री थिंकिंग टूरिज्म को लेकर अप्रूव्ड गाइड एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी प्रशासनिक अधिकारियों के सामने अपने अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में टूरिज्‍म कोरोना महामारी के चलते चुनौतियों से जूझ रहा था। हालांकि, पिछले एक साल में इसमें आश्चर्यजनक वृद्धि देखी गई है।

इस वर्ष का विश्व पर्यटन दिवस इसीलिए खास है क्योंकि इस उद्योग ने आखिरकार पहले से कहीं अधिक बड़ी और बेहतर वापसी की है। इसी स्थिति को और आगे बढ़ावा देना और इसमें रोजगार की उपलब्धता को सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

साथ ही उन्होंने कहा कि अगर किसी भी देश का टूरिज्म पड़ता है तो आर्थिक स्थिति मजबूत होती है तो वहीं उसका कल्चर भी विदेशों में पहुंचता है जिससे उस देश की संस्कृति भी लोगों के दिलों में बस जाती है। इतना ही नहीं अगर किसी देश का टूरिज्म बढ़ता है तो रोजगार भी स्वयं बढ़ने लगता है। टूरिज्म इंडस्ट्री से हॉस्पिटैलिटी व अन्य व्यवसाय भी पूरी तरह से जुड़े हुए हैं। अगर आगरा शहर में पर्यटन बढ़ा तो आगरा का व्यापार भी बढ़ेगा।

स्थानीय समस्याओं पर भी हुआ मंथन

इस विचार गोष्ठी में प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे तो गाइड एसोसिएशन ने अपनी स्थानीय समस्याओं को भी उनके सामने रखा। ताज महल, आगरा किला और अन्य ऐतिहासिक स्मारकों पर लपकागिरी अप्रूव्ड गाइड एसोसिएशन के लिए सबसे बड़ी समस्या है। इसको लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि नवागत जिलाधिकारी आए हैं। वह टूरिज्म को बढ़ावा देने और उससे संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु गंभीर हैं।