Agra Crime News: दहेज की वेदी पर बली चढ़ी खुशियाँ, 1 करोड़ के बाद भी मांगे 21 लाख; गर्भवती बहू का हुआ गर्भपात

Crime

आगरा। ताजनगरी के न्यू आगरा क्षेत्र से सामने आए एक सनसनीखेज मामले ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है। एक नवविवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए अमानवीय प्रताड़ना, बेरहमी से मारपीट, गुप्त कैमरों से निगरानी और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की माँ की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननद समेत 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​शादी में ₹1 करोड़ का दहेज, फिर भी बढ़ती गई भूख

​पीड़िता की माँ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी पिछले वर्ष 26 नवंबर को शमशाबाद रोड निवासी नंदित बंसल के साथ की थी। शादी में उन्होंने करीब ₹1 करोड़ नकद, हीरे और सोने-चांदी के गहनों के रूप में भारी दहेज दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुरालियों की नीयत बदल गई। सास मीनू बंसल और ससुर गोविंद बंसल ने विवाहिता पर मायके से अतिरिक्त ₹21 लाख और एक महंगी कार लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।

​हनीमून पर भी हुआ दुर्व्यवहार, ड्रग्स का ‘सीक्रेट कैमरा’ खेल

​पीड़िता ने आरोप लगाया कि हनीमून के नाम पर मायके वालों से ₹10 लाख वसूले गए, लेकिन वहाँ भी उसे पति की हिंसा का शिकार होना पड़ा। मामला तब और भयावह हो गया, जब महिला ने अपने पति और ननद को ड्रग्स का सेवन करते देखा। इन बातों का पता चलते ही ससुरालियों ने पीड़िता को डराने के लिए उसके कमरे और यहाँ तक कि बाथरूम में भी गुप्त कैमरे लगवा दिए। पीड़िता का आरोप है कि बाथरूम की रिकॉर्डिंग के जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था।

मारपीट से हुआ गर्भपात, समझौते के लिए फिर माँगे ₹1 करोड़

​इस पूरी प्रताड़ना का नतीजा यह हुआ कि फरवरी में ससुरालियों ने पीड़िता के साथ इतनी बेरहमी से मारपीट की कि उसकी हालत नाजुक हो गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसका गर्भपात हो गया। परिवार के अनुसार, जब उन्होंने बिचौलिये जतिन बंसल से बात की, तो उसने मामले को रफा-दफा करने के लिए अतिरिक्त ₹1 करोड़ की मांग रख दी। साथ ही, यह खुलासा हुआ कि लड़के की नौकरी, हैदराबाद में फ्लैट और संपत्ति से जुड़ी कई बातें पूरी तरह फर्जी थीं।

​पुलिस की कार्रवाई: डिजिटल साक्ष्य खंगाल रही टीम

न्यू आगरा थाना पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। आरोपियों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धोखाधड़ी, बिना सहमति गर्भपात कराने और ब्लैकमेलिंग जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट, मोबाइल डेटा, गुप्त कैमरों से जुड़ी डिजिटल रिकॉर्डिंग और फर्जी दस्तावेजों की गहन जांच कर रहे हैं। साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।