हादसा या हत्या? यमुना में तैरता मिला 9वीं की छात्रा का शव, आगरा में परिजनों ने पुलिस की ‘डूबने वाली थ्योरी’ को नकारा

Crime

आगरा। एत्मादपुर क्षेत्र के एक गांव से लापता हुई किशोरी का शव तीन दिन बाद यमुना नदी से बरामद हुआ। किशोरी अपनी चचेरी बहन की शादी की तैयारियों के दौरान घर से निकली थी और इसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसके साथ दुष्कर्म और हत्या की आशंका जताई है। वहीं पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर डूबने से मौत की बात कही है।

जानकारी के मुताबिक नथौली गांव निवासी परिवार 10 फरवरी को शादी समारोह में व्यस्त था। इसी दौरान रात करीब 10 से 11 बजे के बीच किशोरी अपनी भाभी से खेत जाने की बात कहकर घर से निकली। काफी देर तक वापस न आने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। अगले दिन 11 फरवरी को पिता ने एत्मादपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

परिजनों के अनुसार किशोरी घर से बड़ी बहन का मोबाइल लेकर गई थी। देर रात गांव के एक व्यक्ति को वह फोन खेत में पड़ा मिला। अगले दिन सुबह रास्ते में किशोरी की चप्पलें मिलीं, जबकि उसकी शाल एक्सप्रेसवे की रेलिंग पर टंगी थी और पास में घर की चाबी भी पड़ी थी। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजन किसी अनहोनी की आशंका जता रहे थे।

गुरुवार रात करीब 12 बजे डौकी थाना क्षेत्र के तनौरा घाट के पास ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने यमुना से एक शव बरामद किया। शिनाख्त लापता किशोरी के रूप में हुई। शव उसके गांव से करीब 11 किलोमीटर दूर मिला। पुलिस का कहना है कि शव बहकर वहां पहुंचा होगा।

पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार शाम पुलिस की मौजूदगी में शव को दफना दिया गया। हालांकि पिता और भाई ने आरोप लगाया कि किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म और हत्या की गई, फिर शव नदी में फेंका गया। उनका कहना है कि मोबाइल, कपड़े और चाबी अलग-अलग जगह मिलना हादसे की ओर इशारा नहीं करता।

शनिवार सुबह परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए और शव को बाहर निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग करने लगे। भाई महेंद्र सिंह का आरोप है कि पुलिस गंभीरता से जांच नहीं कर रही और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर उन्हें भरोसा नहीं है।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। एसीपी सैंया सुकन्या शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनके मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया है और शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।