आगरा: RBS कॉलेज में अभाविप ने की शिक्षकों से अभद्रता तो एनएसयूआई ने संभाला मोर्चा

स्थानीय समाचार

आगरा: राजा बलवंत सिंह कालेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के कार्यकर्ता आज मंगलवार की दोपहर एक बार फिर से आमने-सामने आ गए।

दरअसल, अभाविप कार्यकर्ता जबरदस्ती कालेज परिसर में घुसना चाहते थे। कालेज के प्रोक्टोरियल बोर्ड द्वारा मना करने पर कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। महिला शिक्षकों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। इसके विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ता भी कालेज पहुंच गये।

पूर्वाह्न जब अभाविप कार्यकर्ता कालेज परिसर में पहुंचे, उस समय प्रोक्टोरियल बोर्ड से जुड़े शिक्षक कालेज परिसर में बाहरी तत्वों की निगरानी कर रहे थे। बिना यूनीफार्म के छात्रों को चिन्हित किया गया, उन्हें कालेज में आने से मना किया। इस पर वे जबरदस्ती करने लगे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे कालेज परिसर में जयंती मनाना चाहते हैं और केक काटेंगे। प्रोक्टोरियल बोर्ड के मना करने पर कार्यकर्ताओं ने जबरदस्ती गेट खोल दिया। वे गेट पर ही धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। इस दौरान उन्होंने प्रोक्टोरियल बोर्ड के साथ धक्का-मुक्की की और महिला शिक्षकों के साथ अभद्रता की।

अभाविप कार्यकर्ताओं का विरोध करने के लिए एनएसयूआई कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए।लगभग पांच घंटे तक कालेज परिसर में घटनाक्रम चलता रहा।

कालेज द्वारा थाना हरीपर्वत में अभाविप के प्रियंका तिवारी, मोहित यादव, कर्मवीर बघेल और राजा सिकरवार के खिलाफ तहरीर दी गई है।

चीफ प्रोक्टर प्रो. संजीव पाल सिंह का कहना है कि पिछले कई दिनों से कालेज परिसर में अराजकता का माहौल है। बाहरी तत्व छात्रों के साथ मारपीट कर रहे थे। इसी वजह से प्राचार्य के निर्देशानुसार प्रोक्टोरियल बोर्ड सक्रिय था और बाहरी तत्वों की जांच कर रहा था। इस समय कालेज में प्रवेश भी चल रहे हैं, बाहरी तत्व प्रवेश के नाम पर छात्रों से वसूली करते हैं। प्राचार्य से मुलाकात का समय दोपहर दो बजे के बाद का है। बाहरी तत्वों को कालेज परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।