देव दीपावली पर 21 हजार दीपों से जगमगाया कमला नगर का जगन्नाथ मंदिर, बैकुण्ठ चतुर्दशी पर ‘लक्ष्मी नरसिंह’ स्वरूप में मिले दर्शन

विविध

आगरा। आस्था, श्रद्धा और भक्ति के दीपों से कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर देव दीपावली के अवसर पर अलौकिक आभा से दमक उठा। मंदिर प्रांगण से लेकर आसपास के पूरे इलाके में प्रज्वलित दीपों की जगमगाहट ने अद्भुत आध्यात्मिक छटा बिखेर दी। भगवान जगन्नाथ के जयघोष और भक्तिमय संगीत के बीच श्रद्धालुओं ने 21 हजार दीप प्रज्वलित कर दीपदान किया तथा देव दीपावली (बैकुण्ठ चतुर्दशी) का पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया। सतरंगी रंगोलियों और पारंपरिक अल्पनाओं से सजे मंदिर में भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भाई बलराम के दर्शन के लिए भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

मंदिर परिसर में एक ओर रंग-बिरंगे गुलाल व रंगों से मनमोहक रंगोलियां उकेरी गईं, तो दूसरी ओर गेरू व खड़िया से पारंपरिक अल्पनाएं सजाई गईं। संध्या ढलते ही दीपों की कतारों से जगमगाते मंदिर और आसपास के दृश्यों ने सभी को आकर्षित किया। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रभु के दर्शन किए और दीपदान के पुण्य कार्यक्रम में भाग लिया।

साल में एक बार इसी दिन मिलते हैं ‘लक्ष्मी नरसिंह’ के दर्शन

​इस्कॉन मंदिर, आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने कहा कि बैकुण्ठ चतुर्दशी तिथि का सनातन परंपरा में विशेष स्थान है। पौराणिक कथा के अनुसार, इसी दिन गज-ग्राह प्रसंग में भगवान श्रीहरि ने अपने भक्त गजराज को मगरमच्छ के बंधन से मुक्त कर बैकुण्ठ लोक प्रदान किया था, जिसके स्मरण में इस दिन दीपदान का विशेष महत्व है।

​उन्होंने बताया कि भगवान श्रीजगन्नाथ साल में केवल एक बार इसी पावन अवसर पर लक्ष्मी नरसिंह के दिव्य स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। मान्यता है कि प्रभु का यह रूप भक्तों को निर्भयता और आशीर्वाद प्रदान करता है। भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलराम की छवि निहारने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उमंग दिखी। धार्मिक मान्यता के मुताबिक, यह रात्रि भगवान शिव (‘हर’) और भगवान विष्णु (‘हरि’) की संयुक्त आराधना से भी जुड़ी है।

​सामूहिक संकीर्तन में झूमे भक्त, 21 हजार दीपों से हुआ दीपदान

​समारोह के तहत संध्या आरती के बाद मंदिर में हरे राम, हरे कृष्ण महामंत्र का सामूहिक संकीर्तन आयोजित हुआ। मृदंग और मंजीरों की लय पर सैकड़ों श्रद्धालु भक्ति भाव में डूबकर झूमते नजर आए। कीर्तन के पश्चात भक्तों ने एक साथ 21 हजार दीपों का दीपदान किया। दीपों की रोशनी और जयकारों के बीच पूरा माहौल आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।

​इस अवसर पर नितेश अग्रवाल, आशू मित्तल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, कान्ता प्रसाद अग्रवाल, राजेश उपाध्याय, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, ओमप्रकाश अग्रवाल, संजय कुकरैजा, राजेश मल्होत्रा, संजीव मित्तल, देव केशव, राजेश गर्ग, सुनील मनचंदा और अदिति गौरांगी समेत बड़ी संख्या में भक्तजन मौजूद रहे।