स्वर्गराजाधिपति देवराज इंद्र का दरबार’ नाट्य मंचन में सौधर्म इंद्र के रूप में नजर आए सांसद नवीन जैन, पत्नी रेनू जैन ने निभाई इंद्राणी की भूमिका

विविध

आगरा। कमला नगर के डी-ब्लॉक स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के अवसर पर एक विशेष और भव्य नाट्य मंचन ‘स्वर्गराजाधिपति देवराज इंद्र का दरबार’ का आयोजन किया गया। इस अनूठे धार्मिक नाटक में राज्यसभा सांसद नवीन जैन अपनी धर्मपत्नी रेनू जैन के साथ मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। मंचन के दौरान नवीन जैन ने सौधर्म इंद्र और उनकी पत्नी रेनू जैन ने इंद्राणी का रूप धारण कर शाही मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

मंच पर स्वर्गलोक के भव्य दरबार की आकर्षक छटा देखने को मिली। इंद्र और इंद्राणी के साथ कुबेर, चक्रवर्ती सम्राट सहित विभिन्न पात्रों ने अपनी-अपनी भूमिकाओं के माध्यम से पूरे आयोजन को विशेष स्वरूप प्रदान किया। पारंपरिक वेशभूषा, शाही मंच सज्जा और पात्रों की प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। सांसद नवीन जैन और उनके परिवार को इस विशेष रूप में देखकर उपस्थित श्रद्धालु भी आश्चर्यचकित रह गए।

नाट्य प्रस्तुति केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके माध्यम से जैन धर्म के सिद्धांतों, धार्मिक मान्यताओं और आध्यात्मिक महत्व को भी मंच पर प्रस्तुत किया गया। विभिन्न पात्रों ने धर्म से जुड़ी प्रेरक बातें साझा कीं और अपने संवादों के माध्यम से जैन धर्म की शिक्षाओं का व्याख्यान किया। पूरे मंचन के दौरान श्रद्धालुओं को धर्म, आस्था और आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़े अनेक प्रसंगों को जानने का अवसर मिला।

इस आयोजन ने धार्मिक विधान के बीच एक अलग सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रंग भर दिया। शाही दरबार की भव्य प्रस्तुति और सांसद नवीन जैन तथा रेनू जैन की सहभागिता लंबे समय तक श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी रही।

इस खास मौके पर पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन पीएनसी, चक्रेश जैन, योगेश जैन, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मेश जैन, उमेश जैन, ऋषभ जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, पलक जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन, रश्मि जैन, उषा जैन, प्रियंका जैन, हिना जैन, अंकिता जैन और आयुषी जैन समेत पीएनसी परिवार के सदस्य विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके साथ ही मीडिया प्रभारी राहुल जैन व शुभम जैन, आगरा के विभिन्न जैन संगठनों के पदाधिकारी, समाज के प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु उपस्थित रहे।