ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का भव्य समापन: ममता कुलकर्णी को मिला ‘सरस्वती बाई दादा साहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान’

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी में आयोजित ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का तीसरे और अंतिम दिन भव्य समारोह व पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। महोत्सव के समापन अवसर पर प्रसिद्ध अभिनेत्री ममता कुलकर्णी की मौजूदगी ने कार्यक्रम में खास आकर्षण जोड़ा और उन्हें फेस्टिवल निदेशक सूरज तिवारी द्वारा ‘सरस्वती बाई दादा साहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान’ से नवाजा गया। इस दौरान देश-विदेश से आए फिल्मकारों, कलाकारों और अतिथियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

सुबह से चलीं प्रेरणादायी फिल्में और पैनल चर्चा

महोत्सव के तीसरे दिन सुबह से ही विविध विषयों पर आधारित फिल्मों की स्क्रीनिंग का दौर शुरू हुआ। दिनभर चली फिल्मों की श्रृंखला ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया—जहां कुछ फिल्मों ने प्रेरित और उत्साहित किया, वहीं कई फिल्मों ने सामाजिक संवेदनाओं, सतर्कता और आंतरिक बेचैनी के पहलुओं को उभारा।

स्क्रीनिंग के बाद आयोजित पैनल डिस्कशन का संचालन फिल्म लेखक व निर्देशक सूरज तिवारी ने किया। चर्चा में मुंबई से पहुंचीं अदाकारा विभा रानी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि लोक (Folk) और समकालीन (Contemporary) परंपरा से जुड़े होना कोई कमी नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने की ताकत है।

पैनल में ब्रज क्षेत्र से बाबू गप्पी, देवकांत त्यागी, सरिता यादव, शिव प्रताप सिंह और रवि परिहार भी शामिल रहे। सत्र के दौरान दर्शकों ने भी पैनलिस्टों से विभिन्न सवाल पूछे, जिससे संवाद बेहद जीवंत बना रहा।

वैदिक पूजन, बैंड-बाजे और सांस्कृतिक प्रस्तुति

अंतिम दौर की स्क्रीनिंग समाप्त होने के बाद पुरस्कार समारोह की तैयारियां शुरू की गईं। फेस्टिवल निदेशक सूरज तिवारी के साथ बैंड-बाजे के बीच ममता कुलकर्णी का कार्यक्रम स्थल पर आगमन हुआ। इसके पश्चात पांच ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गणपति व सरस्वती पूजन कर समारोह की औपचारिक शुरुआत की गई। अलीगढ़ के दुर्गा सांस्कृतिक ग्रुप के कलाकारों ने देवी दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुति दी।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और सिने आयोजनों के माध्यम से कला तथा रचनात्मकता को बढ़ावा देने वाली प्रतिभाओं का सम्मान निरंतर होते रहना चाहिए। इस अवसर पर मुंशी पन्ना के निदेशक नितिन गोयल, आद्यंत फाउंडेशन की डॉ. रेणु रावत तिवारी, मार्क के मंगल सिंह धाकड़, गोविन्द के दीपक अग्रवाल, ब्रज रिकॉर्ड्स के शिव प्रताप सिंह, अप्पन के के.एम. सिंघल, पूनम से सतीश अरोड़ा, मी कलेक्शन के अंजलि गोयल व संचित गोयल, तत्त्व से कनक गौतम, मेट्रो से बीरबल खान और मोशन के डॉ. अरुण शर्मा को ममता कुलकर्णी के हाथों सम्मानित किया गया।

​अंतरराष्ट्रीय अतिथियों की मौजूदगी और भावुक पल

विजेता फिल्म निर्माताओं और कलाकारों को ममता कुलकर्णी तथा अन्य अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान किए। इस क्रम में अमेरिका से आईं अभिनेत्री कशिश बाजपेयी, फ्रांस से मरीन बोर्गो, वेनेजुएला से अल्फ्रेडो कैल्डेरा, इटली से मारिया, मॉस्को से एलेक्जेंड्रा, मुंबई से विभा रानी और रंजन देबनाथ सहित अन्य अतिथियों ने सम्मान वितरण में सहभागिता की।
​समारोह के दौरान जब कलाकारों ने ममता कुलकर्णी के लोकप्रिय गीतों पर नृत्य प्रस्तुतियां दीं, तो वे भावुक हो उठीं और मंच पर पहुंचकर सभी कलाकारों को गले लगाकर उनकी सराहना की।

​प्रमुख पुरस्कार विजेता

दादा साहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार: मुंबई से आए अभिनेता ज्ञानप्रकाश और रंजन देबनाथ को प्रदान किया गया।

​जूरी अवार्ड: अमेरिका से आईं अभिनेत्री कशिश बाजपेयी और फ्रांस से मरीन बोर्गो को मिला।

स्पीकर अवार्ड: मुंबई से आईं विभा रानी को सम्मानित किया गया।

विशेष सम्मान: वेनेजुएला दूतावास से आए अल्फ्रेडो कैल्डेरा को पुरस्कृत किया गया।

​आठवां सरस्वती बाई दादा साहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान: आगरा में प्रदान किए जाने वाले इस सम्मान से अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को नवाजा गया, जिसे पाकर वे बेहद भावुक नजर आईं।

अगले संस्करण में बदलेगा स्वरूप

अंत में फेस्टिवल के संस्थापक व निदेशक सूरज तिवारी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया, जबकि फेस्टिवल पैट्रन रणजीत साना ने अगले वर्ष के आयोजन के लिए सभी को आमंत्रित किया। सूरज तिवारी ने घोषणा की कि आगामी वर्ष में इस फिल्म फेस्टिवल के स्वरूप में बदलाव किया जाएगा।