आगरा में पहली बार निकली ऐतिहासिक चक्रवर्ती दिग्विजय शोभायात्रा: हाथियों, घोड़ों और भव्य झांकियों संग झूम उठा जैन समाज

विविध

आगरा: ताजनगरी आगरा में ढोल-नगाड़ों की गूंज, हाथी-घोड़ों और ऊंटों की अगुवाई, अत्यंत भव्य रथों, मनमोहक झांकियों तथा भक्तिमय धार्मिक नृत्यों के बीच शहर में पहली बार ऐतिहासिक ‘चक्रवर्ती दिग्विजय शोभायात्रा’ का भव्य आयोजन किया गया। पार्श्वधाम, छीपीटोला में आयोजित श्री 1008 समवशरण महामंडल विधान के चौथे दिन निकली इस अलौकिक शोभायात्रा में सकल जैन समाज के श्रद्धालुओं ने अपार उत्साह, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ भाग लिया।

​यह पावन यात्रा संत शिरोमणि पट्टाचार्य आचार्य भगवन श्री 108 विशुद्ध सागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य श्रमण मुनि श्री 108 समत्व सागर महाराज, श्रमण मुनि श्री 108 शील सागर महाराज और श्रमण मुनि श्री 108 सुप्रभात सागर महाराज के ससंघ सानिध्य में निकाली गई, जिसने पूरे यात्रा मार्ग को धर्म और आध्यात्मिक उल्लास के सतरंगी रंग में रंग दिया।

​इन प्रमुख मार्गों से गुजरी शोभायात्रा

शोभायात्रा का भव्य शुभारंभ पार्श्वधाम से हुआ। इसके बाद यात्रा आईजी ऑफिस, बालूगंज पेट्रोल पंप, बालूगंज चौराहा, बैकुंठी देवी कॉलेज, ओलिया रोड और छीपीटोला होते हुए वापस पार्श्वधाम पहुंचकर विधि-विधान से संपन्न हुई।

शोभायात्रा की अगुवाई ढोल-नगाड़ों के साथ घोड़ों और ऊंटों पर सवार श्रद्धालु जैन ध्वज फहराते हुए कर रहे थे। यात्रा के दौरान उज्जैन का प्रसिद्ध महाकाल नृत्य और मनमोहक मयूर नृत्य श्रद्धालुओं के विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे। विभिन्न धार्मिक पात्रों के रूप में सजे-धजे इंद्र-इंद्राणियां सुसज्जित बग्गियों पर सवार होकर चल रहे थे।

इस दौरान सौधर्म इंद्र आकर्षक श्वेत रथ पर विराजमान थे, जबकि कुबेर इंद्र, माहेंद्र इंद्र, महायज्ञनायक, यज्ञनायक इंद्र, ईशान इंद्र, सनत इंद्र और ब्रह्म इंद्र सहित अन्य धार्मिक पात्र भव्य बग्गियों में सवार थे। दो आकर्षक झांकियों और चार प्रसिद्ध बैंडों ने शोभायात्रा की भव्यता में चार चांद लगा दिए। बैंड की सुरीली धुनों पर ‘तुमसे लगी लगन’ भजन गूंजता रहा, जिस पर महिला श्रद्धालु भक्ति भाव से झूमती नजर आईं।

​मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुए धार्मिक अनुष्ठान

शोभायात्रा के पुनः पार्श्वधाम कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर ब्रह्मचारी तरुण भैया और पंडित विकर्ष शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक क्रियाएं और विधि-विधान संपन्न कराए। श्री 1008 समवशरण महामंडल विधान के पावन अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने आहुतियां दीं।

​”ललक है तो झलक है”: मुनि श्री 108 समत्व सागर महाराज

धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री 108 समत्व सागर महाराज ने अपनी अमृतमयी वाणी में कहा कि संसार के आम लोग चक्रवर्ती और कुबेर के केवल भौतिक वैभव से प्रभावित होते हैं, लेकिन जो विवेकशील व्यक्ति जिनेंद्र भगवान के चरणों और उनके अनंत गुणों से प्रभावित होता है, वही भगवान की महाअर्चना के लिए उनके पावन चरणों में पहुंचता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के जीवन में वही चीज घटित होती है, जिसके प्रति उसके मन में सच्ची ललक होती है। संसार के क्षणभंगुर वैभव की चाह रखने वाला उसी दिशा में भागता है, जबकि तीनों लोकों का अविनाशी वैभव प्राप्त करने की भावना रखने वाले को त्रैलोक्यनाथ जिनेंद्र भगवान से प्रभावित होना चाहिए।

मुनि श्री ने जीवन दर्शन का सार बताते हुए कहा— “ललक है तो झलक है।” जीवन में जिस चीज को पाने की सच्ची और तीव्र इच्छा होती है, उसकी झलक व्यक्ति के आचरण, विचारों और प्रयासों में स्वतः दिखाई देने लगती है। यदि मनुष्य के भीतर सुखी रहने की वास्तविक ललक हो तो वह जिनेंद्र भगवान की देशना (उपदेश) से जुड़कर अपने जीवन का कल्याण कर सकता है। लेकिन संसार में फंसा जीव दुखों से मुक्त होने का मार्ग अपनाने के बजाय सांसारिक आकर्षणों में उलझा रहता है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को बाहरी वैभव के बजाय भगवान के गुणों, उपदेशों और आध्यात्मिक मूल्यों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

आयोजन में यह गणमान्य लोग रहे मौजूद

इस ऐतिहासिक आयोजन में श्रुत मंथन वर्षायोग समिति के डॉ. अभय जैन, मनोज जैन, प्रवीन जैन पद्मावती, आनंद जैन, शैलेश जैन (लाला जी), मुकेश जैन (लले), विवेक जैन, चक्रेश जैन, दीपक जैन, रुपेश जैन, आशु जैन (वी.के.), सचिन जैन, आशु (बाबा), रोहित जैन, राजीव जैन, विन्नू जैन, प्रवीण जैन और मुन्ना लाल जैन सहित समिति के समस्त पदाधिकारी एवं सकल जैन समाज के हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी राहुल जैन ने भी सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में सक्रिय सहभागिता निभाई।