मुंबई: सितारों की झिलमिलाती चमक, अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय हस्तियों का महाजमावड़ा और हमारी धरती को बचाने का अटूट संकल्प—मायानगरी मुंबई आगामी 17 नवंबर को एक ऐसे ऐतिहासिक और वैश्विक आयोजन की साक्षी बनने जा रही है, जहाँ मनोरंजन, खेल और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र एक ही साझा मंच पर एकजुट नजर आएंगे। ब्रिटेन के प्रिंस विलियम द्वारा स्थापित प्रतिष्ठित ‘अर्थशॉट प्राइज 2026’ (Earthshot Prize 2026) का आयोजन पहली बार भारत में होने जा रहा है, जिससे भारत ग्लोबल क्लाइमेट मिशन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।
सितारों और वैश्विक हस्तियों का दिखेगा जमावड़ा
मुंबई में आयोजित होने जा रहे इस भव्य और गरिमामय समारोह में प्रिंस विलियम के साथ-साथ बॉलीवुड और खेल जगत की कई शीर्ष हस्तियां शिरकत करेंगी। कार्यक्रम में फिल्म निर्माता करण जौहर, अभिनेत्री आलिया भट्ट, सोनम कपूर, क्रिकेट लेजेंड सचिन तेंदुलकर, मशहूर गायिका श्रेया घोषाल और ऑस्कर पुरस्कार विजेता हॉलीवुड अभिनेता रामी मालेक (Rami Malek) की विशेष उपस्थिति इस शाम को बेहद खास बनाएगी। इसके अलावा, प्रसिद्ध ब्रिटिश म्यूजिकल बैंड ‘टेक दैट’ (Take That) की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति भी इस वैश्विक समारोह में चार चांद लगाएगी।
5 श्रेणियों में दिए जाएंगे पर्यावरण के सबसे बड़े सम्मान
लगभग 5,000 देश-विदेश के गणमान्य अतिथियों और पर्यावरणविदों की मौजूदगी में धरती को बेहतर बनाने और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नवाचारों व धरती के रक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार मुख्य रूप से पांच प्रमुख श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं:
1. प्रकृति का संरक्षण एवं बहाली (Protect and Restore Nature)
2. स्वच्छ हवा की सांस (Clean Our Air)
3. महासागरों का पुनरुद्धार (Revive Our Oceans)
4. कचरा-मुक्त दुनिया का निर्माण (Build a Waste-Free World)
5. जलवायु परिवर्तन से मुकाबला (Fix Our Climate)
यह आयोजन न केवल भारत के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि वैश्विक स्तर पर पर्यावरण जागरूकता और हरित भविष्य का एक मजबूत संदेश देने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
-अनिल बेदाग


