यूपी चुनाव 2027 के लिए सपा का बड़ा दांव: आगरा और मथुरा के लिए बनेगा अलग स्थानीय घोषणा पत्र, जनता से मांगे सुझाव

Politics

आगरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) ने आगरा और मथुरा के धरातलीय व स्थानीय मुद्दों को सीधे पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल करने की एक अनूठी और दूरगामी पहल की है। पार्टी ने दोनों ऐतिहासिक व सांस्कृतिक शहरों की विशिष्ट आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग ‘स्थानीय घोषणा पत्र’ तैयार करने का निर्णय लिया है। इसके लिए आगरा और मथुरा की आम जनता, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, बुद्धिजीवियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से क्षेत्रीय समस्याओं तथा भावी विकास से जुड़े सुझाव मांगे गए हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय जरूरतों और जन-अपेक्षाओं को पार्टी के मुख्य चुनावी एजेंडे का हिस्सा बनाना है।

​समाजवादी पार्टी के आगरा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास द्वारा जारी आधिकारिक अपील में कहा गया कि घोषणा पत्र केवल लुभावने चुनावी वादों का औपचारिक दस्तावेज भर नहीं होना चाहिए, बल्कि यह जनता की वास्तविक आवाज और उनके मूलभूत अधिकारों का सशक्त संकल्प होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आगरा और मथुरा जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले शहरों की समस्याएं, चुनौतियां और विकास की प्राथमिकताएं सामान्य जिलों से बिल्कुल अलग हैं, इसलिए दोनों शहरों के लिए अलग से स्थानीय विज़न डाक्यूमेंट (घोषणा पत्र) तैयार किया जा रहा है।

​आगरा की बदहाली और बुनियादी समस्याओं पर रहेगा विशेष जोर

आगरा शहर की विकराल समस्याओं का ब्योरा देते हुए सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने पेयजल संकट, सीवर व्यवस्था की विफलता, मानसून में जलभराव, टूटी-बदहाल सड़कें, लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था, स्मार्ट सिटी परियोजना के नाम पर हुई बदहाली, वायु व जल प्रदूषण और बढ़ती बेरोजगारी जैसे ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा ताजनगरी के रीढ़ माने जाने वाले पर्यटन उद्योग से जुड़ी चुनौतियों, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं को भी घोषणा पत्र में प्राथमिकता से शामिल करने की बात कही गई है।

​दूसरी ओर, मथुरा की धार्मिक और स्थानीय आवश्यकताओं को पृथक रूप से चिह्नित कर वहां के निवासियों व तीर्थ पुरोहितों से समाधान हेतु राय जुटाई जाएगी। समाजवादी पार्टी का मानना है कि दोनों शहरों का समग्र विकास केवल वातानुकूलित कमरों में बनी नीतियों से नहीं, बल्कि वहां की जनता की प्रत्यक्ष राय और जमीनी जरूरतों के आधार पर ही संभव है।

​जन-भागीदारी से तैयार होगा विज़न डॉक्यूमेंट

​शब्बीर अब्बास ने आगरा के सभी वर्गों—विशेषकर प्रबुद्धजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिला संगठनों, छात्र-युवाओं और व्यापारिक मंडलों से अपने बहुमूल्य सुझाव और समस्याएं पार्टी तक पहुंचाने का पुरजोर आग्रह किया है। उन्होंने दोहराया कि पार्टी का अंतिम लक्ष्य आगरा की मजबूत आवाज को समाजवादी पार्टी के मुख्य व राष्ट्रीय घोषणा पत्र में पूरी प्रमुखता के साथ दर्ज कराना है, ताकि आगामी 2027 के चुनाव में जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप सरकार का एजेंडा तय किया जा सके।