​”पापा ने मुझे इस काबिल बनाया”: बेटी शालिनी सिंह ने जन्मदिन से पहले पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह को उपहार में सौंपा हेलीपैड

Regional

नोएडा/गोंडा। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को उनके आगामी जन्मदिन से पहले ही उनकी बेटी शालिनी सिंह ने एक बेहद अनोखा और बहुमूल्य उपहार दिया है। शालिनी सिंह ने उत्तर प्रदेश के नोएडा में निजी तौर पर तैयार करवाया गया एक अत्याधुनिक हेलीपैड अपने पिता को गिफ्ट किया है। बृजभूषण शरण सिंह का जन्मदिन 8 जनवरी 2027 को है। रविवार शाम करीब 5 बजे नवनिर्मित परिसर में आयोजित एक सादे एवं गरिमामय कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने और नारियल फोड़ने के बाद हेलीपैड का आधिकारिक उद्घाटन किया गया।

​तीन हेलीकॉप्टरों का बेड़ा, नोएडा में तैनात रहेगा ‘काला हेलीकॉप्टर’

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के पास कुल तीन निजी हेलीकॉप्टर हैं। इनमें से ‘काला हेलीकॉप्टर’ अब नोएडा स्थित इसी नवनिर्मित हेलीपैड पर स्थाई रूप से तैनात रहेगा, जबकि उनके ‘भगवा’ और ‘सफेद’ रंग के हेलीकॉप्टर गोंडा स्थित उनके पैतृक आवास पर ही रहेंगे, जहां पहले से दो हेलीपैड बने हुए हैं।

इस नई व्यवस्था से बृजभूषण शरण सिंह के लिए गोंडा से नोएडा और नोएडा से गोंडा का आवागमन काफी तेज और सुलभ हो जाएगा। इसके साथ ही उनकी बेटी शालिनी सिंह को भी अपने ससुराल (बिहार) आने-जाने में सहूलियत मिलेगी।

​”पापा ने मुझे इस काबिल बनाया”— शालिनी सिंह

हेलीपैड सौंपने के बाद शालिनी सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स (फेसबुक व इंस्टाग्राम) पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने अपने पिता को नोएडा का नवनिर्मित हेलीपैड जन्मदिन के अग्रिम उपहार स्वरूप भेंट किया है।

​मीडिया से बातचीत में शालिनी सिंह ने भावुक होते हुए कहा, “पापा ने बचपन से ही मुझे हमेशा बहुत प्यार दिया है और कई उपहार दिए हैं। उन्होंने मुझे पढ़ा-लिखाकर इस योग्य बनाया कि आज मैं उन्हें कुछ देने की स्थिति में हूं। इसलिए मैंने सोचा कि 8 जनवरी को आने वाले उनके जन्मदिन से पहले ही उन्हें यह तोहफा दिया जाए। यह हेलीपैड उनके गोंडा और नोएडा के बीच आवागमन में काफी मददगार साबित होगा।”

​जब उनसे निर्माण लागत के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उपहार में दी गई वस्तु का मोल बताना उचित नहीं है, इसलिए वे लागत की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं करना चाहतीं।

​50 लाख की लागत का अनुमान, ली गईं सभी जरूरी मंजूरियां

​नागरिक उड्डयन विशेषज्ञों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस निजी हेलीपैड के निर्माण में लगभग 50 लाख रुपये का खर्च आया है। इसके अतिरिक्त हेलीपैड के लिए प्रयुक्त भूमि का बाजार मूल्य भी करोड़ों रुपये में बताया जा रहा है। गौरतलब है कि निजी हेलीपैड का निर्माण कराने और संचालन शुरू करने से पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA), नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) तथा स्थानीय जिला प्रशासन एवं पुलिस से सभी आवश्यक तकनीकी और सुरक्षा अनुमतियां (NOC) प्राप्त करना अनिवार्य होता है।