लखनऊ में रावण पोस्टर वॉर; अब योगी सेना ने उमर खालिद, नेहा बोरा और अभिजीत दीपके समेत कई चेहरों को बताया ‘भारत विरोधी’

Regional

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विजयादशमी के पावन पर्व पर ‘पोस्टर वॉर’ एक बार फिर चरम पर पहुँच गया है। शहर के सबसे व्यस्त और VVIP माने जाने वाले 1090 चौराहे पर ‘योगी सेना (भारत)’ की ओर से एक नया और बेहद विवादित पोस्टर लगाया गया है। इस बड़ी होर्डिंग में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा, और पूर्व छात्र नेता उमर खालिद समेत कई जाने-माने चेहरों को प्रतीकात्मक रूप से “भारत विरोधी रावण” के तौर पर चित्रित किया गया है।

​पोस्टर में किन-किन चेहरों को किया गया है शामिल?

​योगी सेना (भारत) के बैनर तले लगाए गए इस पोस्टर में अभिजीत दीपके, आशुतोष राणा, सौरभ दास, इमरान खान, नेहा बोरा, प्रशांत भूषण, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे जैसी शख्सियतों की तस्वीरें लगाई गई हैं। इस पूरे विवाद की जड़ हाल ही में नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर आयोजित एक धरना-प्रदर्शन को बताया जा रहा है।

​संगठन के अनुसार, यह विरोध प्रदर्शन उस दौरान दिए गए कथित आपत्तिजनक बयानों के खिलाफ दर्ज कराया गया है। संगठन का गंभीर आरोप है कि जंतर-मंतर पर हुए आयोजनों में देश को ‘बांग्लादेश जैसे हालात’ में धकेलने से जुड़ी बातें कहीं गईं, जो सीधे तौर पर भारत की संप्रभुता, राष्ट्रीय सुरक्षा और अखंडता पर खुला हमला हैं। इसी बात से आहत होकर संगठन ने इन सभी को आधुनिक ‘दशानन’ के रूप में प्रदर्शित किया है।

​संगठन ने दी खुली चेतावनी, पुलिस-प्रशासन में हलचल

​यह विवादित पोस्टर ‘योगी सेना (भारत)’ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मोहित मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा लगाया गया है। पोस्टर लगने के बाद संगठन ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा है कि भारत की संप्रभुता, अस्मिता और सनातन परंपरा के विरुद्ध किसी भी प्रकार की राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन का कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की आड़ में अराजकता फैलाने और पड़ोसी देशों जैसी हिंसा भड़काने की मंशा रखने वालों का सामाजिक स्तर पर विरोध जारी रहेगा।

​विजयादशमी के दिन राजधानी के सबसे प्रमुख चौराहे पर इस तरह के पोस्टर सामने आने से राहगीरों और वाहन चालकों के बीच दिनभर चर्चा का विषय बना रहा, साथ ही सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अमले में भी हलचल तेज हो गई है।

​यूपी में लगातार गरमा रही है पोस्टर पॉलिटिक्स

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में आगामी राजनीतिक सरगर्मियों के बीच पोस्टरों के जरिए बयानबाजी का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इससे पहले ‘सनातन रक्षा संगठन’ द्वारा लखनऊ में दिवंगत माफिया अतीक अहमद, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई लोगों के चेहरे वाले पोस्टर लगाए गए थे, जिस पर तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। अब 1090 चौराहे पर सामने आए इस नए पोस्टर ने राज्य के सियासी पारे को एक बार फिर ऊपर चढ़ा दिया है।