लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से राज्य की विकास यात्रा और पिछले साढ़े 9 वर्षों की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा साझा किया है। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में डबल इंजन सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश अब “बीमारू राज्य” की पुरानी छवि को पीछे छोड़कर देश की अर्थव्यवस्था का प्रमुख ग्रोथ इंजन बन चुका है।
X पर पोस्ट देखें
GSDP, पर-कैपिटा इनकम और बजट में तीन गुना वृद्धि
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में आंकड़े साझा करते हुए बताया कि पिछले साढ़े 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश की कुल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP), प्रति व्यक्ति आय (पर-कैपिटा इनकम), बजट का आकार और महिला श्रम बल की भागीदारी में तीन गुना की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही, प्रदेश लगातार रेवेन्यू सरप्लस (राजस्व आधिक्य) की स्थिति में बना हुआ है और राज्य को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के भारी-भरकम निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
नारी शक्ति और औद्योगिक विकास को रफ्तार
शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर मां सिद्धिदात्री की आराधना का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश की नारीशक्ति अपने सामर्थ्य, संकल्प और आत्मविश्वास के बल पर राज्य की प्रगति में निर्णायक भूमिका निभा रही है। सरकार की नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की नीतियों ने सकारात्मक बदलाव लाए हैं।
राज्य में औद्योगिक विकास के मोर्चे पर बड़े कारखानों की संख्या ढाई गुना बढ़कर 14,000 से उछलकर 35,000 हो गई है। विभिन्न निवेश प्रस्तावों के जरिए 65 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। इसके अलावा, डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के माध्यम से उत्तर प्रदेश भारत को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
आधारभूत ढांचा, कृषि और रोजगार के नए आयाम
मुख्यमंत्री ने बुनियादी ढांचे और अन्य क्षेत्रों की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का 60% हिस्सा आज अकेले उत्तर प्रदेश में है। प्रदेश की कृषि विकास दर 8% से बढ़कर 18% हो गई है। पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से युवाओं को साढ़े 9 लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं। राज्य में स्टार्टअप्स की संख्या महज 120 से बढ़कर 24,000 से अधिक हो चुकी है। मृतप्राय स्थिति में पहुंच चुके एमएसएमई (MSME) सेक्टर को पुनर्जीवित कर 3 करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं।
सीएम योगी ने अंत में दोहराया कि ‘सशक्त नारी, समृद्ध उत्तर प्रदेश’ के संकल्प के साथ राज्य सरकार ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और निरंतर आगे बढ़ रही है।
