ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित धान से भरे ट्रक ने श्रद्धालुओं और दुकानों को कुचला, 14 की मौत और 29 घायल

Regional

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक बेहद दर्दनाक और वीभत्स हादसा सामने आया है। यहां चीनौर रोड पर स्थित शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के ऊपर शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक तेज रफ्तार ट्रक काल बनकर टूट पड़ा। धान से भरा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे मौजूद श्रद्धालुओं और दुकानों को कुचलता हुआ सीधे मंदिर के प्रवेश द्वार और बाहरी दीवार से जा टकराया। इस भीषण हादसे में 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि 29 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं, जबकि घायलों में दो पुलिसकर्मी भी हैं।

​बैरिकेड तोड़कर ढलान से नीचे उतरा ट्रक

​ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ। नवरात्रि के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे थे। इसी दौरान छिनोर की तरफ से आ रहा धान से भरा एक ट्रक वहां पहुंचा। इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक है और रात के वक्त पुलिस की ओर से बैरिकेड भी लगाए गए थे।

लेकिन, तेज रफ्तार ट्रक उन बैरिकेड्स को तोड़ते हुए आगे निकल गया। ढलान काफी तेज होने के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक सड़क पर चल रहे श्रद्धालुओं और दुकानों को अपनी चपेट में लेता हुआ मंदिर की बाहरी दीवार और प्रवेश द्वार से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मंदिर की दीवार ढह गई और कई लोग मलबे और ट्रक के नीचे दब गए।

प्रशासनिक अमला और राहत-बचाव कार्य

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन की टीमों के साथ मिलकर राहत-बचाव अभियान शुरू किया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

​एसएसपी ने बताया कि शुरुआती दौर में 39 लोगों को अस्पताल ले जाया गया था। कई घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और कुछ लोगों को गंभीर फ्रैक्चर भी आए हैं। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

​अब तक 11 मृतकों की हुई पहचान

इस भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 14 लोगों में से अब तक 11 मृतकों की शिनाख्त हो चुकी है, जिनके नाम और पते निम्नलिखित हैं:

​सत्येंद्र गुर्जर (22 वर्ष), पुत्र जगदीश गुर्जर, निवासी- महलगांव, ग्वालियर।
​सरला तोमर (50 वर्ष), पत्नी राजेंद्र कुमार, निवासी- हनुमान पहाड़ी, राजीव नगर, गुड़ा-गुड़ी का नाका, ग्वालियर।
​गौरव परिहार (18 वर्ष), पुत्र कमलेश परिहार, निवासी- बड़ा गांव खुरेरी, ग्वालियर।
​महेश शर्मा (45 वर्ष), पुत्र मातादीन शर्मा, निवासी- सहसराम, गसवानी, जिला श्योपुर।
​विमलेश (18 वर्ष), पुत्र बबलू बघेल, निवासी- महागावरा, थाना सीहोर, जिला शिवपुरी।
​देवेश बघेल (17 वर्ष), पुत्र हरि सिंह बघेल, निवासी- मावटा, थाना भितरवार।
​प्रिंस उर्फ छोटू जाटव (16 वर्ष), पुत्र संतोष जाटव, निवासी- चौहान प्याऊ, गल्ला कोठार।
​शौर्य शर्मा (15 वर्ष), पुत्र संजय शर्मा, निवासी- सहसराम गोस्वामी, जिला शिवपुरी।
​हेमंत राठौड़ (21 वर्ष), पुत्र जबर सिंह राठौड़, निवासी- यादव धर्म कांटा, हजीरा, ग्वालियर।
​दिव्यांश (16 वर्ष), पुत्र अशोक कुशवाहा, निवासी- महेशपुरा, सिकंदर कंपू, ग्वालियर।
​पवन (23 वर्ष), पुत्र विद्याराम राठौर, निवासी- गदाईपुर, हजीरा, ग्वालियर।

​शेष मृतकों की पहचान की प्रक्रिया प्रशासनिक स्तर पर जारी है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।