​”माफियाओं की जगह सिर्फ मिट्टी में है”: वाराणसी में सीएम योगी का बड़ा ऐलान, कब्जाई गई जमीनों पर गरीबों के लिए बनेंगी कॉलोनियां

Regional

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों और माफियाओं को कड़ी चेतावनी दी है। स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने दो टूक शब्दों में कहा कि प्रदेश में अब माफियाओं के लिए कोई जगह नहीं है, उनकी जगह सिर्फ ‘मिट्टी में’ है। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि सरकार माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराई गई अवैध जमीनों पर गरीबों, दलितों और वंचितों के लिए आधुनिक आवासीय कॉलोनियां और हवेलियां बनवाएगी।

​माफियाओं की जमीनों पर बनेंगी गरीबों के लिए हाईराइज बिल्डिंग्स

​समारोह के दौरान जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बड़े-बड़े निर्माण और विकास कार्य तो कर सकती है, लेकिन उनकी सुरक्षा और संरक्षण की मुख्य जिम्मेदारी जागरूक समाज और जनता की होती है। यदि जनता जागरूक न हो तो बड़े से बड़े निर्माण को भी धराशायी होने में वक्त नहीं लगता।

​उन्होंने प्रयागराज का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां जिस प्रकार माफिया ने गरीबों की जमीन पर कब्जा कर लिया था, सरकार ने उसे खाली कराकर अब गरीबों और वंचितों के लिए हाईराइज बिल्डिंग्स बनाने का काम शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर ‘पद्म लोक आवास योजना’ के तहत आधुनिक फ्लैट्स और कॉलोनियां बनाई जा रही हैं।

​विपक्ष पर साधा निशाना, ‘मंथरा बुद्धि’ वालों को दी नसीहत

​इस दौरान सीएम योगी ने विपक्ष और समाजवादी पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘मंथरा बुद्धि’ रखने वालों की दुर्गति किसी से छिपी नहीं है। हर जागरूक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह हमेशा सच के साथ खड़ा हो, सत्य को धरातल पर उतारे और प्रदेश की सुरक्षा का दायित्व निभाए।

​सपा पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को भी जमीन से जुड़ा और जागरूक होना चाहिए। जो जनप्रतिनिधि खुद दिन में 12 बजे सोकर उठता हो और केवल अपने परिवार को ही पूरा समाज या प्रदेश मानकर राजनीति करता हो, उसकी दुर्गति होना तय है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिन लोगों ने पूरे समाज, प्रदेश और देश को अपना परिवार माना है, वही सही मायनों में समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।