यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा बयान: बोले— “बात सीट की नहीं, गठबंधन की जीत की है”

Politics

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान के बीच अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा बयान सामने आया है। रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए अखिलेश यादव ने साफ किया कि गठबंधन के लिए यह महत्वपूर्ण नहीं है कि किस दल को कितनी सीटें मिल रही हैं, बल्कि सबसे बड़ी प्राथमिकता गठबंधन की जीत सुनिश्चित करना है।

​“बात सीट की नहीं, जीत की है”

अपने सोशल मीडिया पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा, “मक़सद जब साफ़ हो तो हाथ-में-हाथ होता है निगाह मंज़िल पर हो तो सफ़र आसान होता है! बात बड़ी ये नहीं है कि गठबंधन में कितनी सीटें या कौन सी सीट किसके पास जा रही है बात बड़ी ये है कि हम सबको ये सुनिश्चित करना है कि जीत गठबंधन की हो। फिर दोहराते हैं : बात सीट की नहीं जीत की है।”

​उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक दलों की नहीं, बल्कि उन सभी संयुक्त प्रयासों की जीत होगी जो इस बात के लिए संघर्षरत हैं कि देश में सांप्रदायिकता सिर न उठा सके, संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण सुरक्षित रहे तथा देश का सामाजिक सौहार्द और तरक्की फिर से पटरी पर लौट सके।

​क्या है सीटों को लेकर विवाद?

सूत्रों के मुताबिक, आगामी विधानसभा चुनाव के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में कम से कम 150 सीटों की मांग कर रही है। वहीं दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी पिछले चुनावों के प्रदर्शन और जमीनी समीकरणों का हवाला देते हुए कांग्रेस को 50 से 53 सीटें देने की बात कह रही है। इसी बात को लेकर दोनों दलों के नेताओं के बीच पिछले कुछ दिनों से बयानों का दौर और जुबानी जंग जारी है। हालांकि, अब अखिलेश यादव के इस ताज़ा संदेश से गठबंधन के भीतर समन्वय बनाने और सीटों के मतभेदों को पीछे छोड़कर मुख्य मुकाबले पर ध्यान केंद्रित करने का संकेत मिला है।