आगरा। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल का मंगलवार को आगरा आगमन पर हर्षवर्धन धाकड़ के धाकरान चौराहा स्थित निवास पर धाकड़ समाज द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारी सदस्य डॉ. नरेन्द्र सिंह धाकड़ ने प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल को श्रद्धापूर्वक शंख भेंट किया। कार्यक्रम के दौरान वैदिक ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार के बीच शंखनाद किया और प्रदेश तथा देश में सुख, समृद्धि एवं 2027 के विधानसभा चुनाव में विजय की कामना की। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने भी स्वयं शंख बजाकर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए विजय का शंखनाद किया।
अपने संबोधन में श्याम लाल पाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर प्रदेश के विकास और सामाजिक समरसता के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, धाकड़ समाज के प्रदेश अध्यक्ष निहाल धाकड़, युवा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र धाकड़, प्रदेश महामंत्री धर्मेंद्र धाकड़, जिला अध्यक्ष सत्यभान धाकड़, चंद्रशेखर धाकड़, करण धाकड़, विष्णु धाकड़, चौधरी अजय धाकड़, चौधरी गोपाल धाकड़, शेरा धाकड़, पिंटू धाकड़ सहित बड़ी संख्या में धाकड़ समाज के गणमान्य नागरिक, समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


