आगरा। ताजनगरी में रक्तदान की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आगरा व्यापार मंडल एक बार फिर बड़े महाअभियान की तैयारी में जुट गया है। आगामी 16 अगस्त को दरेसी स्थित रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित होने वाले ‘चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर’ की सफलता सुनिश्चित करने के लिए कमला नगर स्थित लोकहितम ब्लड बैंक में एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य लोगों को रक्तदान के वैज्ञानिक मानकों और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करना था।
रक्तदान के लिए जरूरी स्वास्थ्य मानक
गोष्ठी की मुख्य वक्ता और एसएन मेडिकल कॉलेज के रक्तकोष विभाग की अध्यक्ष डॉ. नीतू चौहान ने विस्तार से उन नियमों पर प्रकाश डाला, जिनका पालन रक्तदान करने वाले हर व्यक्ति को करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि टैटू बनवाने के तीन माह बाद ही रक्तदान किया जा सकता है।रक्तदान से एक दिन पहले अल्कोहल का सेवन न करें।रक्तदान के लिए न्यूनतम 45 किलो वजन और हीमोग्लोबिन स्तर कम से कम 12.5 ग्राम होना अनिवार्य है।
इंसुलिन पर निर्भर मधुमेह रोगी रक्तदान नहीं कर सकते, जबकि नियंत्रित मधुमेह (ब्लड शुगर 200 के अंदर) वाले व्यक्ति चिकित्सीय परामर्श के बाद रक्तदान के योग्य हो सकते हैं। नियमित रक्तदाता 65 वर्ष की आयु तक और पहली बार रक्तदान करने वाले व्यक्ति 60 वर्ष की आयु तक यह नेक कार्य कर सकते हैं।
डॉ. चौहान ने यह भी बताया कि ओ-नेगेटिव रक्त समूह ‘यूनिवर्सल डोनर’ होता है, जबकि एबी पॉजिटिव वाले किसी भी ग्रुप का रक्त ले सकते हैं। उन्होंने थैलेसीमिया के मरीजों और प्लेटलेट्स दान की प्रक्रिया पर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
2000 यूनिट का लक्ष्य और व्यापारी वर्ग का संकल्प
आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने उत्साह के साथ घोषणा की कि संस्था इस बार अपना ही पिछला रिकॉर्ड तोड़ते हुए 2000 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य लेकर चल रही है। उन्होंने शहर के सभी व्यापारियों और सामाजिक संगठनों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया। लोकहितम ब्लड बैंक के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने विश्वास दिलाया कि शिविर के दौरान उनकी विशेषज्ञ टीम रक्तदाताओं के स्वास्थ्य परीक्षण और अन्य सभी व्यवस्थाओं को पूरी जिम्मेदारी से निभाएगी।
मानवीय दायित्व के रूप में रक्तदान
महामंत्री अखिलेश अग्रवाल और निदेशक संजीव जैन ने कहा कि रक्तदान केवल एक चिकित्सकीय प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह जरूरतमंदों का जीवन बचाने का सबसे बड़ा मानवीय दायित्व है। कार्यक्रम का संचालन राजीव गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर अशोक मंगवानी, नितेश अग्रवाल, कन्हैयालाल राठौर, जयप्रकाश अग्रवाल, संदीप गुप्ता, राजेंद्र सचदेवा, सुरेश बरेजा, राजेश सिंघल, योगेश रखवानी, बृजमोहन रेपुरिया, नितिन अग्रवाल, दुष्यंत गर्ग, राजेंद्र गुप्ता, रितेश राठौर और साहूकार सिंह समेत बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने रक्तदान से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान विशेषज्ञों से प्राप्त किया।


