आगरा। शमसाबाद में 14 जून को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा के अनावरण और आयोजित होने वाली विशाल जनसभा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संभावित आगमन के दृष्टिगत जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थल का सघन निरीक्षण किया और तैयारियों को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
30 हजार लोगों के आने की संभावना, व्यापक प्रबंध
आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस कार्यक्रम में लगभग 30 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है। पूर्व विधायक डॉ. राजेन्द्र सिंह ने बताया कि जनसभा की सफलता के लिए विशाल छायादार पंडाल, पर्याप्त पेयजल और बैठने की उत्तम व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा के साथ-साथ भीषण गर्मी को देखते हुए चिकित्सा सुविधाओं और छाया का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
अधिकारियों को मिले कड़े निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, हेलीपेड और बैरिकेडिंग की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आपस में बेहतर समन्वय बनाने को कहा ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय सीमा के भीतर पूर्ण हो जानी चाहिए।
दिग्गज नेताओं की उपस्थिति रहेगी खास
इस गरिमामयी कार्यक्रम में रक्षा मंत्री के अलावा प्रदेश सरकार के मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र चौधरी सहित कई अन्य मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन स्थल पर सफाई व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल, एसडीएम स्वाती शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


