​“पूछता है आगरा”: सपा का नगर निगम पर हल्ला बोल, शहर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने टोरंट पावर के ₹431 करोड़ की राहत पर माँगा जबाब

Politics

​आगरा: शहर की बदहाल व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं के अभाव के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने आज “पूछता है आगरा” अभियान के तहत नगर निगम मुख्यालय पर एक जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में सपा नेताओं ने शहर की दुर्दशा पर प्रशासन को घेरते हुए कड़े सवाल किए और नगर आयुक्त को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

​विकास के नाम पर खर्च धन का चाहिए हिसाब

प्रदर्शन के दौरान शहर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने तीखे तेवर अपनाते हुए कहा कि आगरा में स्मार्ट सिटी और विकास के नाम पर करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाए गए हैं, लेकिन हकीकत में जनता जलभराव, टूटी सड़कों और गंदगी के बीच जीने को मजबूर है। उन्होंने कहा, “आखिर वह जनता का पैसा गया कहाँ? आगरा का करदाता आज मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है और हम इसकी पाई-पाई का हिसाब मांगते हैं।”

टोरंट पावर को रियायत पर सपा का बड़ा सवाल

प्रदर्शन का मुख्य केंद्र टोरंट पावर से जुड़ी कथित अनियमितताएं रहीं। सपा प्रतिनिधिमंडल ने सवाल उठाया कि जब आम जनता पर बिजली बिल का भारी बोझ डाला जा रहा है, तो एक निजी कंपनी को ₹431 करोड़ की राहत देने की तैयारी क्यों है? इसे जनता के साथ सरासर अन्याय बताते हुए सपा ने इसे ‘दोहरा मापदंड’ करार दिया।

​ज्ञापन में शामिल प्रमुख मांगें:

स्मार्ट सिटी का ऑडिट: लगभग ₹500 करोड़ के स्मार्ट सिटी कार्यों की पारदर्शिता और स्थिति स्पष्ट हो।

जल निकासी और सफाई: शहर में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान और वार्डों में नियमित सफाई।

​सड़क और लाइट: टूटी सड़कों की मरम्मत और बंद स्ट्रीट लाइटों को तुरंत ठीक करना।

आवारा पशु और पेयजल: आवारा पशुओं के आतंक से मुक्ति और शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति।

​आंदोलन की चेतावनी

नगर आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, श्री शब्बीर अब्बास ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं हुआ, तो समाजवादी पार्टी आगरा की जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगी।

इस प्रदर्शन में राहुल चतुर्वेदी, राम सहाय यादव, नितिन कोहली, मनोज गुप्ता, पुष्पेन्द्र शर्मा, विजय ठाकुर, राहुल चौधरी, जमील खान, चौधरी फरहान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।