बिजनौर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर के अफजलगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सूर्या चौहान हत्याकांड पर कड़ा बयान दिया है। सीएम ने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो कोई भी प्रदेश की कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश करेगा, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
’दोस्ती का दिखावा और छुरेबाजी बर्दाश्त नहीं’
सूर्या चौहान हत्याकांड का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उसे ‘दोस्ती’ के नाम पर धोखा दिया गया। उन्होंने कहा, “दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी स्वीकार्य नहीं है। यदि कोई अपनी नालायक औलाद को सही रास्ते पर नहीं ला पा रहा है, तो यह उनकी बड़ी चूक है और इसके गंभीर परिणाम होंगे।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार उन सभी नागरिकों के साथ है जो कानून का पालन करते हैं, लेकिन अराजकता फैलाने वाले तत्वों के प्रति सरकार का रुख सख्त रहेगा।
धर्म और न्याय की बात करते हुए सीएम ने कहा कि भारतीय परंपरा धर्म की रक्षा का संदेश देती है। उन्होंने कहा, “अगर सामने खरदूषण जैसे राक्षस हैं, तो शस्त्र उठाना ही होगा।”
विस्थापित परिवारों को मिला सालों बाद न्याय
इस दौरे के दौरान सीएम योगी ने पाकिस्तान से विस्थापित 1645 परिवारों, पूर्व सैनिकों और पट्टेदारों को भूमि स्वामित्व (भूमिधरी) अधिकार पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये वे परिवार हैं जिनकी पुश्तैनी संपत्तियों पर दशकों से कब्जा था। आज उनकी चौथी पीढ़ी को सरकार ने उनका जायज हक और मालिकाना हक प्रदान किया है, जिससे करीब 8 से 10 हजार लोगों का जीवन संवरेगा।
गोवंश और राष्ट्र सुरक्षा पर दृढ़ संकल्प
गोवंश संरक्षण के मुद्दे पर सीएम योगी ने फिर से दोहराया कि भारत में गाय को ‘माता’ का दर्जा प्राप्त है। उन्होंने कहा कि गोहत्या के खिलाफ सख्त कानून लागू हैं और सरकार इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरत रही है। उन्होंने कहा कि गोहत्या में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और यह जारी रहेगी।
अपने दौरे के दौरान सीएम ने स्थानीय स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार ‘विदुर ब्रांड’ उत्पादों, कृषि प्रदर्शनी और अन्य विभागीय स्टॉलों का भी निरीक्षण किया तथा ‘प्रेरणा कैफे’ का उद्घाटन किया। सीएम के आगमन पर बढ़ापुर विधायक कुंवर सुशांत सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।


