आगरा। पुरुषोत्तम माह के पावन और आध्यात्मिक अवसर पर आगरा की जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर परिसर गुरुवार की रात श्याम नाम की भक्ति और मस्ती में पूरी तरह सराबोर नजर आया। आगरा नरेश श्याम भक्त सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित ‘भव्य श्याम अरदास संकीर्तन’ ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति के सागर में डुबो दिया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में भजनों की ऐसी रसधारा बही कि हर कोई बाबा श्याम की भक्ति में झूमता हुआ दिखाई दिया।
गणेश वंदना से हुआ भक्तिमय आगाज
कार्यक्रम का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धापूर्वक गणेश वंदना और अखंड ज्योति के प्रज्वलन के साथ हुआ। संस्था के अध्यक्ष अमन गर्ग ने बाबा श्याम की मंगल आरती कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया, जिसके बाद संकीर्तन का सिलसिला आरंभ हुआ। भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर मंदिर के वातावरण को अलौकिक बना दिया।
भजन गायक विकास वर्मा ने जब “हमारी दौलत है लवली किशोरी” और “थक सा गया हूं मैं बाबा…” जैसे भावपूर्ण भजन प्रस्तुत किए, तो श्रद्धालु भावविभोर हो गए। वहीं, राजा पुरोहित ने “हम हैं श्याम के प्यारे, बाबा श्याम हमारे…” गाकर माहौल में ऊर्जा भर दी। मीनाक्षी शर्मा ने “जब भी श्याम दीवानों के सर पर संकट मंडराएगा, बाबा दौड़ा आएगा…” प्रस्तुत कर बाबा के प्रति अटूट विश्वास को जगाया, जबकि दीपक ठाकुर ने “आयो सांवरिया…” गाकर उपस्थित भक्तों का मन मोह लिया।
गायिका स्वीटी शेखावत की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
इस भव्य संकीर्तन के विशेष आकर्षण सीकर से पधारीं प्रसिद्ध भजन गायिका स्वीटी शेखावत रहीं। मंच पर आते ही उन्होंने श्रद्धापूर्वक बाबा श्याम को शीश झुकाकर प्रणाम किया और अपनी गायकी का सफर “के चरणों की सेवा मुझे श्याम मेरी किस्मत बना दीजिए…” भजन से शुरू किया, जिसने संकीर्तन का माहौल पूरी तरह भक्तिरस में बदल दिया।
इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक कई सुपरहिट भजनों की झड़ी लगा दी, जिनमें “झीणो झीणो कजरो सार ले बाबा श्याम…”, “सुन लो मेरी पुकार बाबा खाटू श्याम…”, “मोर छड़ी लहराई रे रसिया ओ सांवरा…” प्रमुख रहे। जब उन्होंने “सजा दो घर को गुलशन सा मेरे सरकार आए हैं…” की प्रस्तुति दी, तो समस्त श्याम प्रेमी बाबा की मस्ती में झूमने पर मजबूर हो गए। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा और पांडाल बाबा के जयकारों से गुंजायमान रहा।
भक्तों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने विशेष भूमिका निभाई। कार्यक्रम में मोहित अग्रवाल, गगन गर्ग, नीरज गर्ग, सौरभ अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, शशांक अग्रवाल, दिव्यांश गोयल, सौरभ बंसल सहित बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी और श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी भक्तों ने बाबा का आशीर्वाद प्राप्त कर महाप्रसादी का आनंद लिया।


