आगरा: किशोरियों के विरुद्ध बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए आगरा पुलिस ने अपना अभियान और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बाह और बमरौली कटारा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के आरोपी और पोक्सो एक्ट में वांछित एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बाह में किशोरी से दरिंदगी का आरोपी गिरफ्तार
थाना बाह क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म और छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने आरोपी अनिल (पुत्र रामबक्स) को गिरफ्तार किया है। घटना 21 मई की है, जब पीड़िता की मां ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके घर किराए पर रह रहे अनिल ने उनकी बेटी को अपनी हवस का शिकार बनाया है।
घटना के बाद पीड़िता के सदमे में होने के कारण परिवार में कोहराम मच गया था। बाह पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बिजौली डिपो के पास से आरोपी को धर दबोचा। आरोपी मूल रूप से थाना खेड़ा राठौर क्षेत्र के गुढ़ा गांव का रहने वाला है।
बमरौली कटारा पुलिस ने दबोचा शातिर अपराधी
दूसरी ओर, थाना बमरौली कटारा पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान लंबे समय से वांछित चल रहे शातिर अपराधी राजू उर्फ गंगा (पुत्र नेमी चंद्र) को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। इस्लामनगर निवासी राजू पर पहले से ही दर्जनभर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को उसकी तलाश धारा 137(2) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज गंभीर मामले में थी। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।
अपराधियों में खौफ का माहौल
पुलिस के इन सख्त कदमों से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि महिलाओं और किशोरियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अब न्यायालय के माध्यम से कठोर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


