ताज प्रेस क्लब का 36वाँ स्थापना दिवस: “यादों के झरोखे से” स्मारिका का लोकार्पण, आगरा की पत्रकारिता के संघर्षों को किया याद

स्थानीय समाचार

आगरा। ताज प्रेस क्लब का 36वाँ स्थापना दिवस समारोह शनिवार को संस्कृति भवन, ललित कला संस्थान में अत्यंत गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। दीप प्रज्ज्वलन मुख्य अतिथि पूर्व प्रमुख सचिव अमल कुमार वर्मा, जिलाधिकारी मनीष बंसल, पूर्व मंत्री चौधरी बाबूलाल, पूर्व मंत्री सीपी राय, संस्थापक अध्यक्ष राजीव सक्सेना, पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र यादव ने संयुक्त रूप से किया। इसके उपरांत संगीत कला केंद्र के छात्र-छात्राओं ने भावपूर्ण सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

समारोह में ताज प्रेस क्लब की विशेष स्मारिका “यादों के झरोखे से: ताज प्रेस क्लब” का लोकार्पण किया गया। पत्रिका के प्रधान संपादक गजेंद्र यादव, सह संपादक आदर्श नंदन गुप्त एवं डॉ महेश धाकड़ हैं।

कार्यक्रम के दौरान शॉर्ट फिल्म के माध्यम से ताज प्रेस क्लब के 36 वर्षों के संघर्ष, उपलब्धियों एवं विकास यात्रा को प्रदर्शित किया गया, जिसे उपस्थित जनों ने भावुकता और गौरव के साथ देखा।

अतिथियों का स्वागत करते हुए अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने कहा कि ताज प्रेस क्लब को उसकी ऐतिहासिकता और गरिमा के अनुरूप नया स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब की स्थापना से लेकर आज तक संघर्ष और विकास की जो यात्रा रही है, उसे स्मारिका में विस्तार से संजोया गया है।

स्मारिका के संपादक एवं पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र यादव ने कहा कि पत्रिका में 36 वर्षों के संघर्ष, उतार-चढ़ाव और पत्रकारिता के बदलते स्वरूप को समाहित किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1991 में पत्रकारों को प्रेस क्लब से बेदखल कर दिया गया था और 1993 तक पत्रकार प्रेस क्लब विहीन रहे।

तत्कालीन मेयर रमेश कांत लवानिया के सहयोग से कुछ सफलता मिली, जबकि 27 जून 1997 को तत्कालीन मेयर बेबीरानी मौर्य के प्रयासों से पत्रकारों को पूर्ण सफलता प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि स्मारिका में महिला पत्रकारिता, पूर्व सदस्यों की स्मृतियों तथा वर्तमान पत्रकारिता में गिरते मूल्यों जैसे ज्वलंत विषयों पर भी लेख प्रकाशित किए गए हैं।

संस्थापक अध्यक्ष राजीव सक्सेना ने आगरा के विकास और पत्रकारिता के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ताज प्रेस क्लब ने सदैव पत्रकारों की आवाज़ को मजबूती प्रदान करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और लोकतंत्र की चेतना को जीवित रखने का दायित्व भी निभाती है।

पूर्व मंत्री चौधरी बाबूलाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ताज प्रेस क्लब के सभी पूर्व पदाधिकारियों के योगदान की सराहना की तथा पत्रकारों के संघर्ष और सामाजिक भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया समाज का सशक्त प्रहरी है।

पूर्व मंत्री सीपी राय ने ताज प्रेस क्लब को देश के विभिन्न राज्यों के प्रेस क्लबों से संबंधता और मान्यता दिलाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे संस्था को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और मजबूती मिलेगी।

पूर्व जिलाधिकारी अमल कुमार वर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान पत्रकारों के साथ हुए अनुभव साझा करते हुए कहा कि आगरा की पत्रकारिता सदैव सक्रिय और जनसरोकारों से जुड़ी रही है। उन्होंने पत्रकारों की जुझारू कार्यशैली की सराहना की।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में दिवंगत पत्रकारों स्वर्गीय ओम पाराशर, स्वर्गीय प्रशांत कुलश्रेष्ठ, स्वर्गीय विनोद अग्रवाल, स्वर्गीय विजय शर्मा के परिजनों को सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त ताज प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्षों एवं वरिष्ठ पत्रकारों में अनिल शर्मा, बच्चन सिंह सिकरवार, किशन चतुर्वेदी, विनोद भारद्वाज, अशोक अग्निहोत्री, डॉ. गिरजा शंकर, हेमंत लवानिया, सुभाष रावत, विजय अग्रवाल, सुनील शर्मा, ओम ठाकुर, एसपी सिंह, मुकेश वर्मा को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, प्रेस फोटोग्राफर्स, कैमरामैन, मीडिया प्रतिनिधि एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे।