मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन, अखिलेश यादव के भाई और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति थे प्रतीक

Regional

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का बुधवार तड़के आकस्मिक निधन हो गया। महज 38 वर्ष की अल्पायु में प्रतीक के दुनिया से चले जाने की खबर ने राजनीतिक गलियारों और यादव परिवार के समर्थकों को स्तब्ध कर दिया है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह लगभग 6 बजे उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​सादगी और फिटनेस के प्रति था जुनून

स्वर्गीय साधना गुप्ता और मुलायम सिंह यादव के पुत्र प्रतीक यादव ने खुद को हमेशा सियासत की चकाचौंध से दूर रखा। ब्रिटेन की ‘यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स’ से पढ़ाई करने के बाद उन्होंने अपनी रुचि के अनुसार रियल एस्टेट और फिटनेस इंडस्ट्री में कदम रखा था। लखनऊ में उनके जिम ‘द फिटनेस प्लानेट’ की काफी चर्चा रहती थी। प्रतीक खुद भी अपनी सेहत और वर्कआउट को लेकर बहुत अनुशासित थे, ऐसे में उनके निधन की खबर ने सबको चौंका दिया है।

​पशुओं के मसीहा के रूप में पहचान

प्रतिक यादव को केवल एक राजनीतिक परिवार के सदस्य के रूप में ही नहीं, बल्कि एक बड़े पशु प्रेमी के रूप में भी याद किया जाएगा। वे ‘जीव आश्रय’ नाम की संस्था के माध्यम से लावारिस और बीमार स्ट्रीट डॉग्स की सेवा में जुटे रहते थे। उनके रेस्क्यू ऑपरेशन और पशुओं के प्रति करुणा की चर्चा अक्सर सोशल मीडिया पर भी होती थी।

​शोक में डूबा परिवार

प्रतीक अपने पीछे पत्नी अपर्णा यादव को छोड़ गए हैं, जो भाजपा की सक्रिय नेता हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही लखनऊ स्थित आवास और पैतृक गांव सैफई में सन्नाटा पसर गया है। अखिलेश यादव समेत परिवार के सभी सदस्य और करीबी लखनऊ पहुंच रहे हैं। प्रतीक का इस तरह अचानक चले जाना पूरे कुनबे के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।