चंदौली के अस्पताल में घुसकर दिनदिहाड़े महिला मरीज की हत्या, इलाज करवाने के बहाने आया था हमलावर; कनपटी में मारी गोली

Crime

चंदौली/अलीनगर: उत्तर प्रदेश के चंदौली स्थित कमलापुर के जीवक अस्पताल में सोमवार की सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक सनकी हमलावर ने अस्पताल के भीतर घुसकर एक महिला मरीज की बेरहमी से हत्या कर दी। बिहार के भभुआ की रहने वाली 55 वर्षीया लक्ष्मीना, जो पैर में फैक्चर का इलाज कराने अस्पताल में भर्ती थीं, उन्हें बिस्तर पर ही मौत के घाट उतार दिया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि हमलावर एक पूर्व सैनिक है, जिसे पुलिस ‘साइको किलर’ के एंगल से देख रही है।

​साजिश के तहत अस्पताल में एंट्री

वारदात की पटकथा सुबह करीब साढ़े छह बजे लिखी गई। आरोपी ने बेहद शातिराना तरीके से खुद को ‘वीरेंद्र जी’ (45 वर्ष, निवासी अंबाला) बताकर अस्पताल के काउंटर से पर्ची बनवाई। उसने पहले ब्लड प्रेशर (बीपी) की जांच कराई, जो सामान्य निकली। डॉक्टर ने उसे कुछ दवाएं भी लिखीं। किसी को अंदेशा नहीं था कि बीपी चेक कराने के बहाने आया यह शख्स बैग में दो लाइसेंसी पिस्टल, चाकू और 11 हजार रुपये नकद लेकर खूनी खेल खेलने आया है।

​बेड पर लेटी महिला की कनपटी पर दागी गोली

जैसे ही आरोपी को मौका मिला, वह ऊपर के वार्ड में जा पहुँचा। वहां बेड पर लेटी लक्ष्मीना के पास जाकर उसने अचानक अपने बैग से दोनों हाथों में असलहा निकाल लिया। चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपी ने महिला की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन हथेरवा गांव के पास ग्रामीणों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले करने से पहले उसकी जमकर पिटाई कर दी।

ट्रेन हत्याकांड से भी जुड़े तार

पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। माना जा रहा है कि यह वही आरोपी है जिसने हाल ही में एक ट्रेन में भी हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। जीआरपी डीडीयू, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस अब तीनों हत्याओं के कनेक्शन खंगाल रही है। आरोपी गुरप्रीत सिंह के पास से दो लाइसेंसी पिस्टल बरामद हुई हैं। वह बिहार के आरा में गार्ड की नौकरी कर चुका है।

एजेंसियों की पैनी नजर

मामला एक पूर्व फौजी से जुड़ा होने के कारण अब केंद्रीय जांच एजेंसियां भी इस तफ्तीश में शामिल हो गई हैं। एडीजी वाराणसी पियूष मोर्डिया और एसपी आकाश पटेल ने घटनास्थल का जायजा लिया है। पुलिस अब आरोपी की असली पहचान पुख्ता करने और इस नृशंस हत्या के पीछे के असली मकसद का पता लगाने में जुटी है।