आधार हाउसिंग का ‘सुपर’ परफॉर्मेंस: मुनाफे में 27% की बड़ी छलांग, 311 करोड़ पहुँचा तिमाही लाभ

Business

मुंबई: देश की प्रमुख गृह वित्त कंपनी आधार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड (Aadhar Housing Finance Ltd.) ने वित्त वर्ष 2025-26 की अंतिम तिमाही (मार्च तिमाही) के नतीजों में अपनी दमदार पकड़ साबित की है। कंपनी का शुद्ध लाभ (Net Profit) सालाना आधार पर 27 प्रतिशत की शानदार बढ़त के साथ 311 करोड़ रुपये पर पहुँच गया है। पिछले वर्ष इसी अवधि में कंपनी ने 245 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।

सालाना आंकड़े भी रहे बेमिसाल

केवल तिमाही ही नहीं, बल्कि पूरे वित्तीय वर्ष में कंपनी ने विकास की नई ऊंचाईयों को छुआ है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कंपनी का कुल लाभ 1,108 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष के 912 करोड़ रुपये के मुकाबले काफी अधिक है।

​डिस्बर्समेंट और एसेट मैनेजमेंट में बड़ी ग्रोथ

आधार हाउसिंग की प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां (AUM) 20 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 30,571 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुँच गई हैं। कंपनी ने मार्च तिमाही के दौरान 3,087 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया, जो कंपनी के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा ‘डिस्बर्समेंट’ रिकॉर्ड है। वर्तमान में कंपनी के साथ 3.36 लाख ऋण खाते जुड़े हुए हैं।

मजबूत एसेट क्वालिटी और नेटवर्थ

कंपनी की वित्तीय स्थिति पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है। ग्रॉस एनपीए (Gross NPA) घटकर मात्र 1.08 प्रतिशत रह गया है, जो कंपनी की बेहतरीन एसेट क्वालिटी और रिकवरी मैनेजमेंट को दर्शाता है। साथ ही, कंपनी की कुल नेटवर्थ भी बढ़कर 7,541 करोड़ रुपये हो गई है।

​सीईओ की प्रतिक्रिया

कंपनी के प्रबंध निदेशक और सीईओ ऋषि आनंद ने इन नतीजों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “हमारा रिकॉर्ड ऋण वितरण और लगातार बढ़ता मुनाफा हमारे बिजनेस मॉडल की मजबूती का प्रमाण है। हम अपनी एसेट क्वालिटी और विकास की गति को इसी तरह बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

नोट- कम्पनी द्वारा जारी प्रेस नोट के आधार पर लिखा आर्टिकल है । किसी भी दावे के लिए up18 news जिम्मेदार नही है।

-अनिल बेदाग