घर बचाने का दिया झांसा, फिर डकार गए पैसे; आगरा में रिटायर्ड दरोगा पर ठगी और धमकी का केस दर्ज

Crime

आगरा: ताजनगरी के थाना एकता क्षेत्र में एक रिटायर्ड दरोगा और उसके बेटे की करतूत ने खाकी को शर्मसार कर दिया है। एक महिला को उसका घर बचाने का सब्जबाग दिखाकर एक लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों ने न केवल महिला का पैसा हड़पा, बल्कि रकम वापस मांगने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां भी दीं।

भरोसे की आड़ में ‘ऑनलाइन और कैश’ का खेल

पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उसे विश्वास में लिया था कि वे उसके घर से जुड़ी किसी समस्या का समाधान करा देंगे। इसी मदद के बदले उन्होंने एक लाख रुपये की मांग की और वादा किया कि एक महीने के भीतर पूरी रकम लौटा दी जाएगी। महिला ने उन पर भरोसा करते हुए 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और शेष 50 हजार रुपये नकद दे दिए।

​वादा एक महीने का, बीत गए साढ़े तीन साल

समय बीतता गया, लेकिन आरोपियों की नीयत बदल गई। एक महीने का वादा देखते ही देखते साढ़े तीन साल के लंबे इंतजार में बदल गया। पीड़िता ने जब अपनी जमा-पूंजी वापस मांगी, तो रिटायर्ड दरोगा और उसके बेटे ने पहले तो टालमटोल किया और बाद में अपनी रसूख का धौंस दिखाते हुए महिला को डराना-धमकाना शुरू कर दिया।

​पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

लगातार मिल रही धमकियों और आर्थिक नुकसान से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली। थाना एकता पुलिस ने मामले की गंभीरता और प्रारंभिक साक्ष्यों को देखते हुए रिटायर्ड दरोगा और उसके बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी (ठगी) और धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है।