Agra News: जन्मदिन बना ‘डेथ वारंट’; पत्नी और ससुर ने शराब में मिलाकर दिया था जहर, 4 महीने बाद खुला राज

Crime

आगरा: ताजनगरी के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में चार महीने पहले हुई एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिस मौत को सामान्य माना जा रहा था, वह दरअसल एक सोची-समझी साजिश और नृशंस हत्या निकली। विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जन्मदिन के जश्न में घुला था ‘काल’

मृतक यतेंद्र पाल की शादी तीन साल पहले फाउंड्री नगर निवासी तनु से हुई थी। विवाद के कारण तनु मायके में रह रही थी। 22 नवंबर 2025 को तनु के जन्मदिन के बहाने यतेंद्र को उसकी ससुराल बुलाया गया। परिजनों का आरोप है कि उसी रात यतेंद्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने इसे अचानक तबीयत बिगड़ना बताया था, लेकिन डॉक्टरों की शुरुआती टिप्पणी ने संदेह पैदा कर दिया था।

कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद शुरू हुई जांच

यतेंद्र की मां मंजू ने अपनी शिकायत में ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया था। न्याय में देरी देख परिजनों ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर 5 जनवरी को मुकदमा दर्ज हुआ और 16 मार्च को मामले की जांच कमला नगर थाना पुलिस को सौंपी गई।

​ससुर ने शराब में मिलाया था सल्फास

हाल ही में आई विसरा रिपोर्ट (FSL Report) ने साफ कर दिया कि यतेंद्र की मौत सल्फास (जहर) के कारण हुई थी। पुलिसिया पूछताछ में आरोपी ससुर महेंद्र और पत्नी तनु ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि जन्मदिन की रात फिर से झगड़ा हुआ था, जिससे नाराज होकर ससुर ने शराब में सल्फास मिला दिया और यतेंद्र को पिला दिया। जहर का असर होते ही यतेंद्र की मौत हो गई।

​सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी

पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर पत्नी तनु और ससुर महेंद्र को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। इस खुलासे के बाद मृतक के परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है, वहीं इस घटना ने घरेलू विवादों के हिंसक और भयावह अंत को लेकर समाज में बहस छेड़ दी है।