मुजफ्फरनगर में बरसीं सौगातें: CM योगी ने दी 951 करोड़ की परियोजनाएं, नोएडा के श्रमिकों के लिए किया बड़ा ऐलान

Regional

मुजफ्फरनगर: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सियासी और विकास के केंद्र मुजफ्फरनगर में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रालोद (RLD) अध्यक्ष जयंत चौधरी ने एक साथ मंच साझा कर एकजुटता का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद को 951 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 423 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी।

​नोएडा के श्रमिकों के लिए बड़ा आश्वासन:

नोएडा में चल रहे हालिया श्रमिक आंदोलनों के बीच मुख्यमंत्री योगी ने मुजफ्फरनगर की धरती से मजदूरों के लिए सीधा संदेश भेजा। उन्होंने कहा कि “औद्योगिक अशांति पैदा करने वाले तत्वों से सावधान रहने की जरूरत है।”

सीएम ने उद्यमियों से श्रमिकों के साथ सीधा संवाद करने की अपील की और घोषणा की कि सरकार हर श्रमिक को संरक्षण देगी और उनका उचित मानदेय सुनिश्चित करेगी। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले वर्ष गठित किए गए ‘कॉरपोरेशन’ की सिफारिशें इसी महीने से लागू होने वाली हैं, जिससे श्रमिकों के मानदेय में वृद्धि का रास्ता साफ होगा।

​सुरक्षा और माफिया पर कड़ा प्रहार:

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए कहा कि बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए इस धरती पर कोई जगह नहीं है। उन्होंने एकता का मंत्र देते हुए कहा— “याद रखें, जब बंटे थे, तभी कटे थे।” उन्होंने कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि अब बैरिकेडिंग नहीं लगती, बल्कि कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा होती है।

​पाकिस्तान और वैश्विक स्थिति पर निशाना:

वैश्विक परिस्थितियों की चर्चा करते हुए योगी आदित्यनाथ ने पाकिस्तान पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान दाने-दाने को मोहताज है और उसकी नियति में ही बदहाली लिखी है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वैश्विक महंगाई के बावजूद भारत में पेट्रोलियम पदार्थों के दाम नियंत्रित हैं और आपूर्ति का सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित किया जा रहा है।

​जयंत चौधरी ने सराहा मोदी-योगी का नेतृत्व:

रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 2014 से पहले देश में स्टार्टअप को लेकर कोई स्पष्ट नीति नहीं थी। उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक को एक ऐतिहासिक कदम बताया और कहा कि मुख्यमंत्री योगी किसानों की समस्याओं को गहराई से समझते हैं।

​भविष्य की योजनाएं:

मुख्यमंत्री ने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर उन्हें नमन किया और घोषणा की कि 23 दिसंबर 2026 को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती को भव्य स्तर पर मनाया जाएगा। उन्होंने युवाओं से तकनीक और स्मार्टफोन का उपयोग नवाचार (Innovation) के लिए करने का आह्वान किया।