आगरा में दुल्हन का ‘खौफनाक’ रूप: सुहागरात से पहले माँगे 90 लाख, मना करने पर गहने लेकर फरार

Crime

​आगरा: ताजनगरी के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने वैवाहिक रिश्तों और सामाजिक मूल्यों को झकझोर कर रख दिया है। एक नवविवाहिता ने शादी की पहली ही रात (सुहागरात) से ठीक पहले दूल्हे के सामने 90 लाख रुपये की चौंकाने वाली डिमांड रख दी। पैसे न मिलने पर दुल्हन न केवल जेवर समेट कर रफूचक्कर हो गई, बल्कि उसके परिजनों पर ससुराल वालों को जिंदा जलाने की कोशिश का भी संगीन आरोप लगा है।

90 लाख की ‘शर्त’ और गहने लेकर फरार

​पीड़ित परिवार के अनुसार, शादी की रस्में पूरी होने के बाद जब दुल्हन घर आई, तो उसने सुहागरात से पहले पति के सामने नकदी की मांग रख दी। उसने स्पष्ट कहा कि जब तक उसे 90 लाख रुपये नहीं मिलते, वह रिश्ता आगे नहीं बढ़ाएगी। जब ससुराल पक्ष ने इतनी बड़ी रकम देने से हाथ खड़े कर दिए, तो दुल्हन ने हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया। आरोप है कि वह घर में रखे कीमती आभूषण समेट कर अपने मायके चली गई।

ससुराल को फूंकने की साजिश: पीएनजी लाइन तोड़ी

​मामला तब और भयावह हो गया जब दुल्हन के परिजन कथित तौर पर ससुराल पहुँचे। आरोप है कि उन्होंने परिवार को घर के अंदर बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। इतना ही नहीं, परिजनों ने घर में लगी पीएनजी (PNG) गैस पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया ताकि पूरी बिल्डिंग में गैस फैल जाए और आग लग जाए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह उन्हें सामूहिक रूप से जिंदा जलाने की सोची-समझी साजिश थी।

112 ने बचाई जान, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

​गैस की गंध और मौत को सामने देख परिवार ने तुरंत यूपी 112 को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर का ताला तोड़ा और दम घुटने से पहले ही परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने मौके पर तकनीकी टीम को बुलाकर गैस लीकेज को बंद कराया, जिससे एक बड़ा धमाका होने से टल गया।

जांच में जुटी पुलिस

जगदीशपुरा थाना पुलिस ने पीड़ित पति की तहरीर पर नवविवाहिता और उसके मायके वालों के खिलाफ आईपीसी/बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले के दोनों पहलुओं नकदी की मांग और जानलेवा हमले की गहराई से जांच कर रही है।