आगरा: ताजनगरी आगरा में धार्मिक आयोजन की एक भव्य कड़ी जुड़ने जा रही है। श्री अग्रवाल संघ के तत्वावधान में प्रताप नगर स्थित प्रसिद्ध बुर्जीवाला मंदिर पर तृतीय सामूहिक एकादशी उद्यापन का आयोजन होने जा रहा है। मोहिनी एकादशी के पावन अवसर पर होने वाले इस दो दिवसीय अनुष्ठान में न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि देश के छह अलग-अलग राज्यों के परिवार एक साथ सहभागी बनेंगे। गुरुवार को मंदिर परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने समारोह के आमंत्रण-पत्र का विधिवत विमोचन किया।
छह राज्यों से जुटेंगे श्रद्धालु दंपत्ति
श्री अग्रवाल संघ के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन अपनी व्यापकता और धार्मिक महत्व के कारण विशेष है। इस सामूहिक उद्यापन में दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु दंपत्ति एक साथ आकर एकादशी व्रत का विधि-विधान से उद्यापन करेंगे। आयोजन की गरिमा बढ़ाने के लिए शहर की गणमान्य हस्तियों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के संतों को भी आमंत्रित किया गया है।
दो दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा
महामंत्री राजेश जिंदल और कोषाध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम को पूरी भव्यता के साथ आयोजित करने के लिए दो दिनों का शेड्यूल तय किया गया है ।
27 अप्रैल को सुबह 8:00 बजे दीप प्रज्वलन से शुभारंभ होगा। इसके बाद 9:00 बजे एकादशी व्रत की महिमा और कथा का श्रवण कराया जाएगा। अंत में आरती और ब्राह्मण भोज का आयोजन होगा।
28 अप्रैल को सुबह 9:00 बजे दीप प्रज्वलन और 10:00 बजे से विशाल हवन-पूजन शुरू होगा। दोपहर 12:00 बजे भव्य आरती के पश्चात 1:00 बजे सामूहिक प्रसादी (भंडारा) वितरित की जाएगी।
विशेष आकर्षण: झाँकी और लड्डू गोपाल स्थापना
धार्मिक अनुष्ठान को दिव्य बनाने के लिए मंच पर भगवान राधा-कृष्ण की भव्य झांकी सजाई जाएगी। उद्यापन करने वाले प्रत्येक दंपत्ति के लिए पूजा सामग्री के साथ लड्डू गोपाल जी की स्थापना की विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर में पंजीकरण (Registration) की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
इस अवसर पर गौरव बंसल, प्रदीप सिंघल, शशिकांत अग्रवाल, राजीव फैंसी, संतोष अग्रवाल, रवि शंकर बंसल, मोहनलाल गर्ग, रवि मंगल, दीपक अग्रवाल, हिमांशु गर्ग, संदीप अग्रवाल और अन्य गणमान्य सदस्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

