आगरा/फरह। फरह क्षेत्र का गऊग्राम ‘परखम’ आगामी 10 अप्रैल से भक्ति और अध्यात्म के अनूठे संगम का केंद्र बनने जा रहा है। दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के तत्वावधान में यहाँ सात दिवसीय भव्य श्री राम कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव की सबसे खास बात यह है कि श्रद्धालुओं को विश्व विख्यात निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज की ओजस्वी वाणी में राम कथा के गूढ़ रहस्यों को सुनने का सौभाग्य प्राप्त होगा। बुधवार को आगरा के होटल पीएल पैलेस में इस दिव्य आयोजन की आमंत्रण पत्रिका का भव्य विमोचन किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगी कथा की शाम
कथा संयोजक इंजीनियर उमेश शर्मा ने बताया कि यह आयोजन केवल प्रवचन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे एक सांस्कृतिक उत्सव का रूप दिया गया है।
10 अप्रैल को अनन्या ठाकुर की सुमधुर भजन संध्या और कशिश किशोरी का मनमोहक मयूर नृत्य।
11-12 अप्रैल को नोएडा की नलनी निगम, मथुरा के जितेंद्र सिसोदिया और प्रयागराज के धीरज पांडे के भजनों के साथ-साथ बांके बिहारी शर्मा की मंडली द्वारा जीवंत रामलीला का मंचन किया जाएगा।
कार्यक्रम में लखनऊ की मोनिका सिंह, मोहिनी द्विवेदी और गाजियाबाद की दीपशिखा रायजादा सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों के कलाकार अपनी कला से समां बांधेंगे।
संस्कारों की पाठशाला है राम कथा
पत्रिका विमोचन के दौरान यूपी लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि आज के डिजिटल युग में राम कथा जैसे आयोजन युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। प्रचार मंत्री मनीष अग्रवाल रावी ने बताया कि स्वामी जी के सानिध्य में कथा श्रवण करना क्षेत्र के भक्तों के लिए एक दुर्लभ और पुण्यदायी अवसर है।
17 अप्रैल को होगा विशाल भंडारा
सात दिनों तक चलने वाला यह आध्यात्मिक महाकुंभ 17 अप्रैल को एक विशाल भंडारे के साथ संपन्न होगा। समिति के मंत्री हरिशंकर शर्मा ने उम्मीद जताई है कि स्वामी जी की कथा में आगरा, मथुरा और आसपास के जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ेंगे, जिसे देखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
विमोचन के अवसर पर आरएसएस के अशोक कुलश्रेष्ठ, दीपक अग्रवाल, अभिनव मौर्य और डॉ. अनुराग शर्मा सहित कई गणमान्य जन मौजूद रहे।

