आगरा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और कद्दावर नेता शिवपाल सिंह यादव रविवार को ताजनगरी में एक तीखे विवाद के केंद्र में आ गए। एक निजी अस्पताल का उद्घाटन करने पहुंचे शिवपाल यादव उस समय अपना आपा खो बैठे, जब मीडिया ने उनसे फिल्म ‘धुरंधर 2’ में दिखाए गए अतीक अहमद के चरित्र और उसके पाकिस्तानी कनेक्शन को लेकर सवाल पूछ लिया।
”क्या आप बीजेपी के एजेंट हैं?”
प्रेस वार्ता के दौरान जब एक पत्रकार ने पूछा कि फिल्म ‘धुरंधर 2’ में अतीक अहमद (जो सपा का पूर्व नेता था) का पाकिस्तान से संबंध दिखाया गया है, इस पर आपकी क्या राय है? इस सवाल पर शिवपाल यादव बुरी तरह उखड़ गए। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा, “आप क्या बीजेपी के एजेंट हैं? क्या आपको बीजेपी ने एजेंडा देकर भेजा है कि यही सवाल पूछना है?” उन्होंने आगे कहा कि अगर यह सवाल पत्रकार का अपना होता तो वह जवाब देते, लेकिन इसे प्रायोजित बताते हुए वे बीच में ही प्रेस कॉन्फ्रेंस छोड़कर उठकर चले गए।
“सपा सरकार आई तो ‘बाह’ बनेगा जिला”
विवाद से पहले शिवपाल यादव ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक गांव ‘बाह’ को जिला बनाया जाएगा। उन्होंने बीजेपी पर शंकराचार्यों के अपमान और गौशालाओं की बदहाली का आरोप लगाते हुए इसे ‘सनातन का अपमान’ करार दिया।
मथुरा हिंसा और चुनाव आयोग पर हमला
मथुरा में हुई हालिया हिंसा और पथराव की घटना पर शिवपाल यादव ने कहा, “बीजेपी राज में दंगे तो होने ही हैं। यहाँ निष्पक्ष काम नहीं होता, बस झूठे मुकदमे लादे जाते हैं।” इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी गंभीर सवाल उठाए और आगामी चुनावों में आयोग की भूमिका को संदिग्ध बताया।

