मिशन 2027: दादरी की ‘भाईचारा रैली’ से चुनावी शंखनाद करेंगे अखिलेश यादव, आगरा में सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने भरी हुंकार

Politics

आगरा : उत्तर प्रदेश की सियासत में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तपिश अभी से महसूस होने लगी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने बुधवार को आगरा में महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता करते हुए ऐलान किया कि 29 मार्च 2026 को गौतमबुद्धनगर के दादरी में आयोजित होने वाली ‘समाजवादी समानता-भाईचारा रैली’ प्रदेश की राजनीति की दिशा बदलेगी।

सरकार के पास केवल तीन हथियार: मुकदमा, मुठभेड़ और बुलडोजर

प्रेस वार्ता के दौरान राजकुमार भाटी भाजपा सरकार पर हमलावर नजर आए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास ठप है और सरकार केवल दमन की राजनीति कर रही है। भाटी ने आरोप लगाया कि, “आज सरकार विरोधियों को कुचलने के लिए तीन हथियारों मुकदमा, मुठभेड़ और बुलडोजर का इस्तेमाल कर रही है। आजम खान पर 94 फर्जी मुकदमे लगाना लोकतंत्र की हत्या के समान है।”

32 जिलों का होगा जमावड़ा, दादरी से गूंजेगा ‘PDA’ का नारा

भाटी ने बताया कि इस ऐतिहासिक रैली में यूपी के 32 जिलों की लगभग 140 विधानसभा क्षेत्रों से जनसैलाब उमड़ेगा।अगस्त 2025 से चल रही तैयारियों के तहत अब तक 50 से अधिक पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) चौपालें आयोजित की जा चुकी हैं। रैली में खुद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव मौजूद रहेंगे और आगामी चुनाव का औपचारिक शंखनाद करेंगे।

राहुल गांधी की सराहना और निवेश पर सवाल

भाटी ने गठबंधन के भविष्य पर सकारात्मक संकेत देते हुए राहुल गांधी को एक परिपक्व और गंभीर नेता बताया। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विदेश दौरों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि निवेश केवल कागजों पर है और किसानों की आय दोगुनी करने वाले आयोग की बैठक तक नहीं हो सकी है।

आगरा की बैठक में जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, प्रदेश सचिव लल्ला सिंह गुर्जर, और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।