आगरा : ताजनगरी के थाना मलपुरा अंतर्गत ग्वालियर हाईवे पर बुधवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। इटौरा गांव के पास एक बेकाबू डंपर ने बाइक सवार दंपत्ति को पीछे से जोरदार टक्कर मारते हुए रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में दंपत्ति की मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है।
रफ्तार ने उजाड़ा परिवार
जानकारी के अनुसार, दंपत्ति अपनी बाइक से हाईवे से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे और डंपर के टायर की जद में आ गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में दोनों को एसएन मेडिकल कॉलेज पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डंपर छोड़कर भागा चालक
हादसे के बाद आरोपी चालक डंपर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और चालक की शिनाख्त के लिए आसपास के ढाबों और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर यातायात सुचारू कराया। परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

