आगरा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने ताजनगरी के जैतपुर में आयोजित दंगल के मैदान से 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया है। स्वर्गीय सेवाराम की स्मृति में आयोजित दंगल मेले में पहुंचे शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए दावा किया कि प्रदेश की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है और अगली सरकार समाजवादी पार्टी की ही बनेगी।
”डिप्टी सीएम के पास पावर नहीं, मंत्रियों की सुनवाई नहीं”
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवपाल यादव ने सरकार की कार्यप्रणाली पर तंज कसते हुए कहा कि यूपी में मंत्रियों और विधायकों की कोई पूछ नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों डिप्टी सीएम अपने विभागों में बेबस हैं, वे एक छोटा सा ट्रांसफर तक नहीं करा पा रहे। पूरी सरकार भ्रष्टाचार की गिरफ्त में है और अफसरशाही हावी है।
धार्मिक आस्था और अपमान का मुद्दा
शिवपाल यादव ने हालिया विवादों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा राज में शंकराचार्य तक का अपमान किया गया। गंगा स्नान रोकने और संतों के शिष्यों पर लाठीचार्ज को उन्होंने लोकतंत्र और आस्था पर बड़ा हमला बताया। उन्होंने कहा कि जो सरकार संतों का सम्मान नहीं कर सकती, वह जनता का क्या भला करेगी?
ब्राह्मण कार्ड और चुनावी रणनीति
2027 के समीकरणों को साधते हुए शिवपाल ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी में ब्राह्मण समाज को पूरा मान-सम्मान मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा सिर्फ चुनाव आते ही टैक्स घटाने और लुभावने वादे करने का नाटक करती है, लेकिन जनता अब इनके झूठ को पहचान चुकी है।

