आगरा। ताजनगरी का सेंट जोंस चौराहा शनिवार दोपहर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। मौका था भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा कांग्रेस कार्यालय के घेराव का ऐलान। दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही भाजयुमो कार्यकर्ता राजा मंडी स्थित कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े, पुलिस ने उन्हें सेंट जोंस चौराहे पर ही रोक लिया। दूसरी ओर, कांग्रेस कार्यकर्ता भी पहले से मोर्चा संभाले खड़े थे, जिससे दोनों पक्ष महज 10 कदम की दूरी पर आमने-सामने आ गए।
पुलिस से छीना-झपटी और पुतला दहन
तनाव उस समय और बढ़ गया जब पुलिस ने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने के लिए घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। भाजपाइयों ने राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए उनका पुतला निकालने की कोशिश की। पुलिस ने पुतला छीनने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने चकमा देकर दूसरे पुतले में आग लगा दी। करीब 30 मिनट तक चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और एमजी रोड पर यातायात थम गया।
”भारत की बढ़ती साख से कांग्रेस को है दिक्कत”
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजयुमो क्षेत्रीय मंत्री गौरव राजावत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस वैश्विक स्तर पर भारत की मजबूत होती छवि को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के बयान देश की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं। इस दौरान राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया।
भारी पुलिस बल ने टाला बड़ा टकराव
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने मानव श्रृंखला बनाकर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को एक-दूसरे के करीब आने से रोका। हालांकि नारेबाजी और पुतला दहन के चलते माहौल गरमाया रहा, लेकिन पुलिस की सतर्कता से कोई हिंसक झड़प नहीं हुई।

