अखिलेश यादव का तीखा वार: “गेरुआ पहनने और कान छिदवाने से कोई योगी नहीं होता”, ब्रह्मोस और माफिया पर घेरी सरकार

Politics

उन्नाव/लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्नाव में एक निजी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्र सरकार पर अब तक का सबसे कड़ा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री की ‘योगी’ परिभाषा पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल बाहरी वेशभूषा धारण करने से कोई सनातनी या योगी नहीं बन जाता।

“सर्टिफिकेट देने वाला कौन?”

अखिलेश यादव ने सीधे तौर पर कहा, “बताओ ये योगी हो सकते हैं क्या? इन्हें किसने सर्टिफिकेट दिया? वस्त्र पहनने या कान छिदवाने से आप योगी नहीं हो जाते। अगर आपके मन में ‘डिजायर’ (इच्छाएं) हैं, तो आप योगी नहीं हो सकते।” उन्होंने मुख्यमंत्री को ‘अलोकतांत्रिक’ और ‘असभ्य’ बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान जैसा सांप्रदायिक माहौल पहले कभी नहीं देखा गया।

चीन और क्षेत्रफल पर सीधा सवाल

अखिलेश ने भाजपा के राष्ट्रवाद पर सवाल उठाते हुए पूछा कि 2014 के मुकाबले 2026 में आज देश का क्षेत्रफल क्या है? उन्होंने आरोप लगाया कि चीन भारतीय जमीन पर कब्जा कर रहा है और हमारे बाजार पर हावी हो रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार ‘दिल्ली वालों’ से लड़ने के लिए अब बुलडोजर नहीं, बल्कि ‘ब्रह्मोस’ मिसाइल की तैयारी कर रही है।

माफिया और वोट काटने की साजिश

माफिया के मुद्दे पर अखिलेश ने पलटवार करते हुए कहा, “प्रदेश जानता है कि असली माफिया कौन है। माफिया वह है जिसने मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने ऊपर दर्ज केस खुद ही वापस ले लिए हों।” उन्होंने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी और उसकी ‘अदृश्य कंपनियां’ फॉर्म-7 के जरिए फर्जी तरीके से विपक्ष के वोट कटवा रही हैं।