आगरा। थाना खंदौली क्षेत्र के मुड़ी चौराहा स्थित ओम नमः शिवाय हॉस्पिटल में रविवार को डिलीवरी के दौरान प्रसूता की मौत के बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। ऑपरेशन के बाद मरीज की बिगड़ती हालत छिपाने, बिना जानकारी दिए रेफर करने और रास्ते में हुई मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा कर दिया। भीड़ ने अस्पताल संचालक की पिटाई कर दी, जिसके बाद वह मौके से भाग निकला। देर रात तक अस्पताल परिसर में तनाव बना रहा और पुलिस हालात संभालने में जुटी रही।
ऑपरेशन के बाद बिगड़ती रही हालत, परिजनों को नहीं दी गई जानकारी
गढ़ी जस्सा चावली, एत्मादपुर निवासी रमा (28) पत्नी प्रदीप को शनिवार रात प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार सुबह करीब 11 बजे सी-सेक्शन ऑपरेशन किया गया, जिसमें रमा ने एक बच्ची को जन्म दिया।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद रमा की स्थिति लगातार खराब होती रही। अस्पताल संचालक व स्टाफ ने उसकी गंभीर हालत की सूचना परिवार को जानबूझकर नहीं दी। कई घंटों तक स्थिति छिपाई गई और बाद में बिना बताए मरीज को एंबुलेंस से आगरा भेजने की कोशिश की गई।
टेढ़ी बगिया पर रुकी एंबुलेंस, वहीं पता चला मौत का
देर शाम अस्पताल प्रबंधन ने प्रसूता को आगरा रेफर कर दिया। परिजन पीछे-पीछे पहुंचे और टेढ़ी बगिया के पास एंबुलेंस को रोक लिया। तब उन्हें पता चला कि रमा की पहले ही मौत हो चुकी थी। यह सुनते ही परिजन और ग्रामीण भड़क उठे।
अस्पताल में बवाल, संचालक पर हमला
मौत की पुष्टि होते ही सैकड़ों ग्रामीण अस्पताल लौट आए और वहां जबरदस्त हंगामा शुरू हो गया। भीड़ ने अस्पताल संचालक सत्यवीर सिंह को पकड़कर पीट दिया। इसके बाद संचालक और अस्पताल का स्टाफ अस्पताल छोड़कर भाग निकला। रात होते-होते अस्पताल के बाहर भारी भीड़ जमा रही और माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, परिजन अभी भी नाराज़
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराने की कोशिश करती रही। समाचार लिखे जाने तक परिजनों ने थाने में कोई तहरीर नहीं दी थी, लेकिन विरोध जारी था।
अस्पताल पक्ष का बयान
हॉस्पिटल संचालक सत्यवीर सिंह के पुत्र आदित्य चौधरी ने बताया कि ऑपरेशन डॉ. अनीता शर्मा द्वारा किया गया था। मरीज की हालत गंभीर होने के कारण उसे आगरा रेफर किया गया था। परिजनों के आरोपों पर अस्पताल प्रबंधन ने फिलहाल कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी है।
रमा की मौत और अस्पताल की भूमिका को लेकर क्षेत्र में आक्रोश गहराया हुआ है। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है।

