लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सर्दी ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। पछुआ हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जा रहा है। मंगलवार को अयोध्या 6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ यूपी का सबसे ठंडा शहर रहा। बरेली और कानपुर में 6.7 डिग्री, जबकि बाराबंकी में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में दिन और रात दोनों तापमानों में 2 से 4 डिग्री तक और गिरावट आ सकती है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस वर्ष सर्दी सामान्य से अधिक तीखी रह सकती है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि इस सीजन में ला-नीना की कमजोर स्थिति और हिंद महासागर के तटस्थ प्रभाव के कारण दिसंबर से फरवरी तक रातें काफी ठंडी रहेंगी, जबकि दिन का तापमान भी सामान्य से नीचे रहने की संभावना है।
बढ़ती ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने रात के समय आवश्यक सावधानी बरतने का अलर्ट जारी किया है।

