आगरा: चार दिसंबर से लापता सॉफ्टवेयर इंजीनियर की एटा में मिली कार, पुलिस जांच में जुटी

स्थानीय समाचार

आगरा। साफ्टवेयर इंजीनियर अंचल तिवारी कई दिनों से लापता है। उनका अभी तक सुराग नहीं लग सका है। उनकी कार एटा में लावारिस हालत में मिली है। वह थाना सदर क्षेत्र के गुरु गोविंद सिंह नगर के रहने वाले हैं। सदर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई है।

31 वर्षीय अंचल तिवारी चार दिसंबर की रात से गायब है। उनकी कार कोतवाली देहात एटा में लावारिस खड़ी मिली है। जिसमें उनका मोबाइल, लैपटॉप समेत सारा सामान है। दयालबाग में रहने वाले चाचा राजेंद्र बाबू तिवारी ने बताया कि अंचल के माता-पिता दोनों की मृत्यु हो चुकी है। पिता महेंद्र कुमार तिवारी आर्मी से रिटायर्ड थे। मई 2021 में उनकी कोरोना के चलते मौत हो गई थी। इसके बाद से अंचल अकेले रह रहे थे। दोनों बहनें बबली और मीनू की शादी हो चुकी है। बबली नोएडा और मीनू गुरुग्राम में रहती हैं।

बताया गया है कि अंचल कुछ समय से तनाव में थे। पिछले सप्ताह वह बहनों के पास चले गए थे। चार दिसंबर की सुबह वह नोएडा में रहने वाली बहन के यहां से निकले थे। यमुना एक्सप्रेस-वे पर टोल कटाया था। इस दौरान वह बहन से लगातार मोबाइल पर संपर्क में थे। उनसे परिवारिजन के बारे में बात कर रहे थे। अंचल ने रात 11 बजे बहन से अंतिम बार बात की थी। उस समय खुद को खंदारी फ्लाई ओवर पर बताया था। जिसके बाद उनका फोन बंद हो गया। बहन से बातचीत के दौरान पुलिस ने अंतिम लोकेशन निकाली तो वह टूंडला मिली थी।

चाचा ने बताया कि अंचल ने करीब चार वर्ष पहले साफ्टवेयर कंपनी स्टार्ट की थी। जिसका सिंगापुर की एक कंपनी से अनुबंध था। दो वर्ष पहले पिता को कैंसर होने का पता चला। उपचार के बाद वह सही हो गया। मगर, कोरोना से उनकी मृत्यु हो गई। चाचा राजेंद्र तिवारी ने बताया कि अंचल अपना मकान बेचना चाहते थे। वहां की लोकेशन उन्हें पसंद नहीं थी। वह दूसरी जगह पर जाकर रहना चाहते थे। मकान के कई ग्राहक भी मिले, लेकिन सौदा तय नहीं हो सका था। सॉफ्टवेयर इंजीनियर को तलाशने को पुलिस एटा पुलिस की मदद ले रही है।