कर्मचारियों की हड़ताल के कारण Lufthansa एयरलाइंस की 800 उड़ानें रद्द

Business

लुफ्थांसा एयरलाइंस ने शुक्रवार को 800 उड़ानों को रद्द कर दिया है। इससे एक लाख तीस हजार यात्रियों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ रही है। यह हड़ताल ऐसे समय में है, जब यूरोप में टूरिस्ट सीजन पीक पर होता है। लुफ्थांसा एयरलाइन की उड़ानें प्रभावित होने से जर्मनी सहित यूरोप की टूरिज्म इंडस्ट्री को भी बड़ा नुकसान होने की आशंका है।

सैलरी में इजाफे की मांग कर रहे पायलट्स

लुफ्थांसा एयरलाइंस के पायलट कई महीनों से सैलरी में इजाफे की मांग कर रहे हैं। जर्मन एयरलाइन के साथ पायलट्स की बातचीत विफल रही, जिसके बाद वे हड़ताल पर चले गए। पायलटों के संगठन और मैनेजमेंट के बीच पहले मांगों को लेकर बातचीत हुई थी लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकला। एयरलाइन ने कहा कि उड़ानों में आई इस बाधा के चलते शनिवार और रविवार को भी उड़ानों में देरी हो सकती है।

भारत में यहां हुआ हंगामा

लुफ्थांसा एयरलाइंस द्वारा फ्लाइट रद्द कर देने का असर भारत में भी देखने को मिला। दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट (IGI Airport) पर शुक्रवार को 12.15 AM पर भीड़ जमा हो गई। करीब 150 लोग डिपार्चर गेट के बाहर सड़क पर इकट्ठे हो गए, जिससे ट्रैफिक मूवमेंट धीमा हो गया। यह भीड़ अपना पैसा रिफंड करने की मांग कर रही थी। आईजीआई एयरपोर्ट पर लुफ्थांसा एयरलाइन की दो फ्लाइट रद्द हो जाने के चलते यह हंगामा हुआ।

ये फ्लाइट्स हुईं रद्द

रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली से फ्रेंकफर्ट जाने वाली फ्लाइट LH 761 रद्द हो गई थी। यह फ्लाइट 2.50 AM पर 300 यात्रियों के साथ टेक ऑफ होनी थी। इसके अलावा दिल्ली से म्यूनिख जाने वाली फ्लाइट संख्या LH 763 भी रद्द हो गई। इस फ्लाइट को 400 यात्रियों के साथ 1.10 AM पर टेक ऑफ होना था। लुफ्थांसा एयरलाइन के सभी पायलट्स के हड़ताल पर चले जाने के चलते ये फ्लाइट्स रद्द हुईं। इन यात्रियों को बिना पूर्व सूचना के यह बताया गया फ्लाइट रद्द हो गई है।

-एजेंसी