आगरा शहर में जल्द होगी 24 घंटे जलापूर्ति, पहले चरण में इन 9 वार्डों के लिए प्रस्ताव हुआ पास

Press Release

आगरा। आज गुरुवार को आगरा नगर निगम में महापौर नवीन जैन की अध्यक्षता में 22वें कार्यकारणी की बैठक संपन्न हुई। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई और सर्वसम्मति से उन प्रस्तावों को पास किया गया।

9 वार्डों में होगी 24 घंटे जलापूर्ति

जलकल विभाग द्वारा आगरा शहर को 24 घंटे जलापूर्ति देने की कवायद की जा रही है। इसके पहले चरण में ताजगंज जोन के 9 वार्डों में 24 घंटे जलापूर्ति देने से संबंधित प्रस्ताव रखा गया। प्रस्ताव में बताया गया कि आगरा स्मार्ट सिटी द्वारा इन 9 वार्डो के एबीडी क्षेत्र में पाइप लाइन डालने का काम किया है। इन क्षेत्रों में प्रत्येक घर को 24 घंटे निर्बाध जलापूर्ति की जाएगी। 9 वार्डों में 24 घंटे पानी मिलने से पानी भंडारण या पानी की बड़ी टंकी लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

विस्तृत रूप से चर्चा करने के बाद जहां पार्षदों में सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव को पास किया तो वहीं महापौर ने कहा कि जब पाइप लाइन में जलापूर्ति 24 घंटे हो रही है तो 9 वार्डों के प्रत्येक घर-घर तक 24 घंटे पानी पहुंचाया जाए। जिन 9 वार्डों में 24 घंटे जलापूर्ति की जाएगी उसमें क्रमशः वार्ड 33, 44, 62, 72, 79, 88, 91, 98, 99 हैं।

शासन से मिले निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम सीमा विस्तार के बाद नगर निगम सीमा से जुड़ने वाले जिन क्षेत्रों में बड़े विकास कार्य किए जाने हैं उसकी जानकारी देते हुए विकास कार्य के मद में व्यय होने वाली राशि से संबंधित प्रस्ताव रखा गया। विकास की दृष्टि से शहर हित में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास किया गया। इस प्रस्ताव के अंतर्गत नगर निगम सीमा से जुड़ने वाले क्षेत्रों में लगभग 11 करोड़ से अधिक रुपये से विकास कार्य किये जायेंगे। इस प्रस्ताव को सदन से पास कराने के बाद स्वीकृति के लिए शासन में भी भेजा जाएगा।

कार्यकारिणी में वर्तमान में दौड़ रहे नगरायुक्त के वाहन में आये दिन तकनीकी खामियां एवं पुराना होने के चलते नए वाहन की खरीद से संबंधित 30 लाख के वित्तीय व्यव से संबंधित प्रस्ताव रखा गया। इसे भी सर्वसम्मति से पास किया गया। पुराने वाहन को नगर निगम में ही अन्य प्रयोग में लिया जाएगा।

कार्यकारिणी की बैठक में नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे, उपसभापति कर्मवीर सिंह, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, पार्षद महेश संवेदी, पार्षद रवि शर्मा, पार्षद अमित अग्रवाल, पार्षद मुकुल गर्ग, पार्षद नेहा गर्ग, पार्षद सुषमा जैन, पार्षद मोहन शर्मा, पार्षद बच्चू सिंह, अपर नगर आयुक्त प्रथम सुरेंद्र यादव, अपर नगर आयुक्त द्वितीय विनोद गुप्ता, जलकल जीएम आर एस यादव, मुख्य अभियंता निर्माण बी एल गुप्ता, मुख्य अभियंता (विद्युत/यांत्रिक) पंकज भूषण, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अतुल भारती, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी रोहन सिंह, सीएफओ उदय वीर सिंह यादव, सहायक नगर आयुक्त सरिता सिंह, सहायक नगर आयुक्त अश्वनी कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ अजय यादव, स्मार्ट सिटी नोडल प्रभारी आर के सिंह आदि मौजूद रहे।

-up18news