आगरा। समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आगामी 15 नवंबर को प्रस्तावित आगरा आगमन और ‘दलित महासम्मेलन’ की तैयारियों को लेकर पार्टी की महानगर इकाई ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में ताजनगरी के लंगड़े की चौकी क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय दलित समाज के लोगों से आगामी महासम्मेलन में बढ़-चढ़कर शामिल होने का पुरजोर आह्वान किया गया।
जाटव और वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों ने संभाली कमान
रामलाल टैगोर की गरिमामयी अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में जाटव और वाल्मीकि समाज सहित दलित वर्ग के स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि 15 नवंबर को आयोजित होने वाला यह महासम्मेलन प्रदेश के दलितों, शोषितों, वंचितों और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के बुनियादी मुद्दों को एक सशक्त मंच प्रदान करने का अनूठा अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि जाटव और वाल्मीकि समाज की सक्रिय भागीदारी से इस सम्मेलन को ऐतिहासिक सफलता मिलेगी और पार्टी के सांगठनिक आधार को अभूतपूर्व मजबूती प्राप्त होगी।
घर-घर जाकर सपा की विचारधारा प्रचारित करने का संकल्प
बैठक में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और दलित समाज के प्रबुद्ध जनों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि 15 नवंबर के कार्यक्रम से पूर्व शहर के विभिन्न क्षेत्रों और बस्तियों में घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से समाजवादी पार्टी की नीतियों, विचारों और अखिलेश यादव के संदेश को आमजन तक पहुँचाया जाएगा, ताकि महासम्मेलन में रिकॉर्ड उपस्थिति दर्ज कराई जा सके।
यह प्रमुख नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर सपा के वरिष्ठ नेता राहुल चतुर्वेदी, नितिन कोहली, पुष्पेंद्र शर्मा, डॉ. बबलू नरबार, इमरान कुरैशी, गौरीशंकर खरे, पप्पू कमल, सानू, कुलदीप चौधरी, विक्की वाल्मीकि, करण डुग्गू चौधरी, धनंजय, रॉबिन, सुनील खरे और गुनी भाई सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी व निष्ठावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

