आगरा: मानवता और निस्वार्थ सेवा के संकल्प को दोहराते हुए ‘श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार’ और ‘रे-ऑफ होम्योपैथिक वेलफेयर सोसाइटी’ ने रविवार को बल्केश्वर में एक विशाल चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। श्री गणेश राम नागर सरस्वती शिशु बालिका विद्या मंदिर में आयोजित इस त्रैमासिक शिविर ने उन परिवारों को बड़ी राहत दी है, जो अपने बच्चों की जटिल बीमारियों से जूझ रहे हैं। बीते छह वर्षों से निरंतर चल रहा यह सेवा अभियान आज सैकड़ों ‘विशेष बच्चों’ के लिए आशा का सबसे बड़ा केंद्र बन चुका है।
जटिल रोगों का विशेषज्ञ डॉक्टरों ने किया परीक्षण
शिविर के दौरान 300 से अधिक बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें मानसिक व शारीरिक पक्षाघात (Paralysis), आनुवंशिक विकार, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी (DMD), अंधापन, बहरापन और व्यवहारिक समस्याओं से ग्रसित बच्चे शामिल थे। 80 सदस्यीय विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने न केवल बच्चों की बारीकी से जांच की, बल्कि उनके परिजनों को उचित जीवनशैली और उपचार के बारे में विस्तार से समझाया। सभी पंजीकृत बच्चों को तीन महीने की होम्योपैथिक दवाइयां पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की गईं।
6 वर्षों से जारी है सेवा का महायज्ञ
संस्था के वरिष्ठ सदस्य अजय गोयल, श्याम सुंदर माहेश्वरी और पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि पिछले 6 सालों से यह सिलसिला बिना रुके जारी है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल शारीरिक उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि उन माता-पिता को मानसिक साहस देना है जो अपने बच्चों की स्थिति के कारण निराश हो चुके हैं।
80 चिकित्सकों की समर्पित टीम
शिविर की सफलता में डॉ. शिव शंकर मितवार, डॉ. नितिन वर्मा, डॉ. अंकित त्यागी और डॉ. ललित गोला सहित डॉ. रोहित वर्मा, डॉ. भूपेंद्र सिंह, डॉ. प्रतिभा शर्मा और डॉ. ज्योति चौधरी जैसे चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। टीम में शामिल डॉ. निशांत, डॉ. दिशा, डॉ. शुभम और डॉ. रेशमा ने भी बच्चों के साथ संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके उपचार में योगदान दिया।
अगला शिविर जुलाई 2026 में
श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार ने घोषणा की है कि इस अभियान की अगली कड़ी के रूप में जुलाई 2026 में पुनः शिविर आयोजित किया जाएगा। इस पुनीत कार्य में मनोज कुमार गर्ग, नीरज कुमार अग्रवाल और मनीष गोयल सहित संस्था के अन्य सेवाभावी सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा।

