भारत के अलावा 5 अन्‍य देश भी मनाते हैं 15 अगस्‍त के दिन अपना स्‍वतंत्रता दिवस

Cover Story

15 अगस्त 2021 को 75वां स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए भारत पूरी तरह तैयार है। 1947 में इसी दिन दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का जन्म हुआ था। भारत को 200 साल बाद अंग्रेजी शासन से स्वतंत्रता मिली थी। इस साल दिल्ली में लाल किले का ऐतिहासिक स्मारक स्वतंत्रता दिवस समारोह की मेजबानी करने के लिए तैयार है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। साथ ही कोरोना संक्रमण रोकने के भी उपाय किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों से लाल किले के मुख्य द्वार के बाहर करीब 15 से 20 कंटेनर लगाए हैं।

भारत के कुछ महान स्वतंत्रता सेनानी, जिनके अटूट धैर्य और देशभक्ति ने ब्रिटिश साम्राज्य को पीछे हटने के लिए मजबूर कर दिया और जिनका साहस और देशभक्ति हमें एक समृद्ध और मजबूत भारत के लिए काम करने के लिए प्रेरित करते हैं। उनमें महात्मा गांधी, रानी लक्ष्मी बाई, भगत सिंह, मंगल पांडे, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस के अलावा भी हजारों अमर शहीद शामिल हैं। लेकिन क्‍या आप जानते हैं कि भारत के अलावा 5 अन्‍य देश भी 15 अगस्‍त के दिन अपना स्‍वतंत्रता दिवस मनाते हैं। यदि नहीं जानते तो जानिए कि वो देश कौन-कौन से हैं-

बहरीन

दिलमुन सभ्यता की प्राचीन भूमि बहरीन, संयुक्त राष्ट्र सर्वेक्षण के बाद 15 अगस्त 1971 को स्वतंत्र हुआ था। ब्रिटिश औपनिवेशिक शासकों से स्वतंत्रता मिलने के बाद बहरीन 16 दिसंबर को अपना राष्ट्रीय दिवस मनाता है। इस दिन पूर्व शासक ईसा बिन सलमान अल खलीफा सिंहासन पर चढ़े थे। ऐतिहासिक रूप से बहरीन द्वीपसमूह पर अरब और पुर्तगाल सहित कई देशों का शासन था। इसके बाद यह 19वीं शताब्दी में ब्रिटिश शासन के आधीन आ गया था।

कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य

कांगो गणराज्य ने 15 अगस्त 1960 को फ्रांसीसी औपनिवेशिक शासकों से पूर्ण स्वतंत्रता प्राप्त की थी। यह मध्य अफ्रीकी देश 1880 में फ्रांसीसी शासन के अधीन आया और पहले फ्रांसीसी कांगो के रूप में जाना गया, फिर 1903 में मध्य कांगो के रूप में जाना गया। फुलबर्ट यूलू ने 1963 तक देश के पहले राष्ट्रपति के रूप में यहां शासन किया था।

उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया

उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया दोनों ही 15 अगस्त को राष्ट्रीय मुक्ति दिवस को ‘जापान पर विजय’ के रूप में मनाते हैं। हर साल, 15 अगस्त को दोनों देशों में उस दिन को मनाने के लिए छुट्टी रहती है। इस दिन अमेरिका और सोवियत सेना ने कोरिया के दशकों पुराने जापानी कब्जे को समाप्त कर दिया था। 1945 में आज ही के दिन कोरिया पर जापान का औपनिवेशिक शासन द्वितीय विश्व युद्ध के आत्मसमर्पण के साथ समाप्त हुआ था।

दरअसल, 1948 में कोरिया सोवियत समर्थित उत्तर और अमेरिका समर्थित दक्षिण के बीच बंट गया। दक्षिण कोरिया को आधिकारिक तौर पर कोरिया गणराज्य के रूप में नामित किया गया है।

लिकटेंस्टाइन

दुनिया के सबसे छोटे देशों में से एक है लिकटेंस्टीन। इस देश ने 1866 में जर्मन शासन से स्वतंत्रता प्राप्त की और 1940 से 15 अगस्त को अपने राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाता रहा है। 5 अगस्त 1940 को लिकटेंस्टीन की रियासत की सरकार ने आधिकारिक तौर पर 15 अगस्त को देश का राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया। आप में से जो लोग नहीं जानते हैं, उनके लिए यह दिन 16 अगस्त को प्रिंस फ्रांज-जोसेफ द्वितीय के जन्मदिन से निकटता से जुड़ा हुआ है, जो 1938 से लिकटेंस्टीन के राजकुमार थे और 1989 में उनकी मृत्यु हुई थी।

-एजेंसियां

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *