आगरा की वर्षों पुरानी मांगों पर सरकार साथ, रास्ता जरूर निकलेगा- ओम बिरला

स्थानीय समाचार

आगरा: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने यहां उद्यमियों और व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आगरा की वर्षों पुरानी मांगों पर सरकार साथ है, रास्ता जरूर निकलेगा। उन्होंने शहरवासियों को उनका पुराना गौरव याद दिलाते हुए स्वयं भी औद्योगिक और व्यापारिक उत्थान पर मंथन करने की नसीहत दी।

ओम बिरला रविवार को नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स यूपी आगरा द्वारा होटल क्लार्क्स शिराज में आयोजित डा धर्मपाल विद्यार्थी स्मृति व्याख्यानमाला को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने दस विभिन्न क्षेत्रों में अपना उत्कृष्ट योगदान देने वाली शख्सियतों को सम्मानित भी किया और चैंबर की हीरक स्मारिका का विमोचन किया।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि एक समय आगरा पूरे देश का नेतृत्व करता था। आज भी आगरा के खान-पान, उद्योग, कला, संस्कृति और संस्कारों की अलग पहचान है। आगरा देश की अर्थव्यवस्था की धुरी रहा है। उन्होंने कहा कि यहां की धरोहरों को सुरक्षित रखते हुए कैसे विकास को तेज किया जा सकता है, इस पर सभी स्तर पर प्रयास जारी हैं। सरकार के साथ ही यहां के सांसद भी प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश सरकार ने भी जिले के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, जिससे आने वाले समय में स्मॉल स्केल इंडस्ट्री यहां की विशेष पहचान बनेगी। बिरला ने आश्वासन दिया कि लोकसभा अध्यक्ष के रूप में वे भी आगरा की समस्याओं पर सरकार से वार्ता करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकल को वोकल कैसे बनाया जाए इस पर चैंबर के सदस्यों को मंथन करना चाहिए।

इस दौरान ओम बिरला ने दुनियाभर में बढ़ रही भारत की साख का भी जिक्र किया। मोदी सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में विदेशों पर निर्भरता कम हुई है। देश कई क्षेत्रों में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है।

विकसित देशों में आबादी घट रही है, इन हालात में भारत को अपनी पैठ बनानी होगी।

लोकसभाध्यक्ष रूलिंग दें तो हल जरूर निकलेगा- बघेल

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री और जिले के सांसद प्रो एसपी सिंह बघेल ने कहा कि आगरा के विकास की कई फाइलें केंद्र सरकार में लंबित हैं, यदि लोकसभा अध्यक्ष चाहेंगे तो वे संबंधित विभागों के मंत्रियों से वार्ता करके उनका हल करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिले से विमानों की उड़ानों की संख्या बढ़ी है, इनमें और बढ़ोतरी होने वाली है। ताजमहल को रात्रि बारह बजे तक खोले जाने का निर्णय अंतिम दौर में है। शहर में अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम और यमुना नदी पर बैराज की महती जरूरत को बताते हुए उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि यदि वे इस मामले में रूलिंग देंगे तो हल जरूर निकलेगा।

प्रारंभ में चैंबर अध्यक्ष अतुल गुप्ता ने स्वागत भाषण पढ़ा। उन्होंने आगरा की चिरपरिचित मांगों को रखते हुए यमुना पर बैराज, अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम और आईटी सिटी की मांगों को पुरजोर तरीके से रखा। चैंबर उपाध्यक्ष द्वय मनोज गुप्ता और अम्बा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और स्मृति चिन्ह भेंट किया।

पूर्व अध्यक्ष योगेन्द्र सिंघल ने बिरला का जीवन परिचय पढ़ा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय गोयल, उपाध्यक्ष संजय कुमार गोयल, विवेक जैन और कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने भी मुख्य अतिथि का स्वागत किया। पूर्व उपाध्यक्ष गिरीश गोयल ने चैंबर की हीरक स्मारिका का विमोचन कराया। पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन और शलभ शर्मा ने संचालन किया।

इन्हें किया गया सम्मानित

इंडस्ट्रीज एंड बिजनेस क्षेत्र- डायमंड कारपेट के ललित जैन।

कांच-सेरेमिक निर्माता क्षेत्र- जे सेल्स साइंटिफिक इंडस्ट्रीज के जयपाल अग्रवाल।

हस्तकला क्षेत्र- संस्कृति के शक्ति कालरा ।

प्रिंटिंग एंड पब्लिकेशन क्षेत्र – @ एजुकेशनल पब्लिशर्स के प्रवीन नारायण अग्रवाल।

फुटवियर एंड लैदर क्षेत्र- ता. रा. इन्नोवेशन की मानसी चंद्रा

इंजीनियरिंग क्षेत्र- काजिको इंडस्ट्रीज के जय अग्रवाल,

रियल एस्टेट क्षेत्र- बांसुरी हाउसिंग के सरजू बंसल

चिकित्सा क्षेत्र- डा डी सी गोयल

समाजसेवा क्षेत्र- हेल्प आगरा

शिक्षा क्षेत्र- बीडी जैन डिग्री कॉलेज की डा मीरा अग्रवाल।