महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के असामयिक निधन पर उर्वशी रौतेला ने भावुक संदेश लिख दी श्रद्धांजलि

Entertainment

मुंबई (अनिल बेदाग)। 28 जनवरी 2026 को हुए एक भीषण विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के असामयिक निधन की खबर से देशभर में शोक की लहर फैल गई। यह हादसा केवल राजनीतिक जगत ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के लोगों को गहरे तौर पर झकझोर गया। आम नागरिकों से लेकर राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों तक, हर ओर शोक और संवेदना का माहौल नजर आया।

इस दुखद घटना पर मनोरंजन जगत की हस्तियों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी भावनाएं साझा करते हुए इस त्रासदी पर गहरा दुख जताया। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक भावुक संदेश पोस्ट कर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उर्वशी रौतेला ने अपने संदेश में लिखा, “अजित पवार के अचानक निधन से मैं बेहद स्तब्ध और दुखी हूं। आज सुबह बारामती में हुए इस दर्दनाक विमान हादसे ने एक ऐसा शून्य छोड़ दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं। उनके परिवार, प्रियजनों और इस अपूरणीय क्षति से प्रभावित सभी लोगों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।”

अभिनेत्री की यह प्रतिक्रिया इस बात को रेखांकित करती है कि यह हादसा केवल एक राजनीतिक घटना नहीं, बल्कि एक गहरी मानवीय त्रासदी है, जिसने असंख्य लोगों को भावनात्मक रूप से प्रभावित किया है।